Breaking News

जम्मू: GREF कैंप पर हमला कर फरार हुए आतंकी, स्कूल-कॉलेज बंद

नई दिल्ली, 09 जनवरी 2017 (IMNB). जम्मू के अखनूर में ग्रेफ (GREF) कैंप पर सोमवार सुबह आतंकियों ने हमला किया। यह हमला अखनूर से सटे बटल में हुआ। इस आतंकी हमले में तीन मजदूरों की मौत हुई है। अंधेरे का फायदा उठाकर आतंकियों ने हमले की कार्रवाई को अंजाम दिया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक आतंकी मौके से भागने में भी सफल हो गए हैं।
 
सेना के पीआरओ मनीष मेहता ने बताया कि सुबह 1.15 मिनट पर GREF कैंप पर हमला हुआ था। इसमें तीन मजदूरों को मौत हुई है। पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है। इसके घटना के बाद स्कूल-कॉलेजों को बंद किया गया। इससे पहले सेना ने कैंप में अंदर सर्च ऑपरेशन चलाया। हालांकि वहां कुछ फायरिंग की आवाज भी सुनाई दी। आतंकियों के छुपे होने की आशंका के मद्देनजर सुरक्षाबल पूरी सर्तकता बरत रहे हैं। गांव के लोगों ने दो से तीन आतंकी देखे जाने का दावा किया है। बताया जा रहा है कि यह आतंकी हमला सोमवार सुबह करीब दो बजे हुआ है जब जवान थके हुए थे और उनकी ड्यूटी बदलने का समय हो रहा था। इसी दौरान आतंकियों ने अंधेरा का फायदा उठाकर हमला किया। इस कैंप में बड़ी संख्या में मजदूर भी मौजूद थे। हालांकि सेना ने इलाके की घेराबंदी कर दी है। पूरे इलाके में सर्च अभियान चलाया जा रहा है।
 
बटल पाकिस्तान की सीमा से सटा हुआ इलाका है। जनरल रिजर्व इंजीनियर फोर्स (GREF) सीमा सड़क संगठन (BRO) की इकाई है जो सीमा से सटी सड़कों की देखभाल और निर्माण का काम देखती है। इस आतंकी हमले के बाद सेना के सभी कैंपों को अलर्ट जारी किया गया है। ग्रेफ के जिस कैंप पर हमला हुआ है ये एक सदूरवर्ती इलाका है। जम्मू कश्मीर में साल 2017 का यह पहला आतंकी हमला है। इससे पहले एक जनवरी को पाकिस्तान ने पुंछ जिले में सीजफायर का उल्लंघन किया था। जिसमें एक दस साल के लड़के की मौत हो गई थी।