Breaking News

छत्तीसगढ़ में डा. रमन ने बहाई विकास की गंगा :- अमित शाह

रायपुर, 13 दिसंबर 2016 (IMNB). छत्तीसगढ़ में भाजपा के सफल 13 वर्ष पूर्ण होने पर आज राजधानी में एक भव्य कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मैं देशभर के कार्यकर्ताओं की ओर से डा. रमन सिंह को बधाई देता हूं। छ.ग. एक ऐसा प्रदेश था जो विकास के नक्शे में सबसे पीछे था, मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह ने पिछले  13 सालों में विकास के जो काम किए हैं उसके चलते आज छत्तीसगढ़ विकसित राज्यों में शुमार हो गया है।

उन्होंने कहा कि यहां विकास करना विकास को पहुंचाना कठिन काम था, मगर 13 साल के कार्यकाल में रमन सिंह के नेतृत्व में भाजपा की सरकार ने हर गांव के अंदर विकास की गंगा पहुंचाने का काम अच्छे ढंग से किया है। समाज के हर वर्ग को साथ लेकर विकास किया। विकास किस तरह से हो सकता है उसका एक बेहतरीन उदाहरण डा. रमन सिंह ने देश की जनता के सामने रखा है, मैं भाजपा की ओर से उनको लाख लाख बधाई देता हूं। श्री शाह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी देश के अंदर मात्र दस सदस्यों के साथ शुरू हुई थी, मगर यही भाजपा आज विश्व का सबसे बड़ा राजनैतिक संगठन बनकर खड़ा है, भाजपा में आज 11 करोड़ सदस्य हैं। श्री शाह ने कहा कि भाजपा कभी देश के कुछ राज्यों तक सिमट कर रह गया था। मगर आज परिस्थितियां बदल चुकी है। देश के कच्छ से कामरूम आसाम तक और कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक भाजपा के सबसे अधिक विधायक और सांसद हैं। देश में इस समय सबसे ज्यादा विधायक भाजपा के हैं जो 1000 से भी ज्यादा है। आज देश में सबसे अधिक मुख्यमंत्री भाजपा के हैं। 

उन्होंने कहा कि यह भाजपा के लिए काफी गर्व की बात है कि देश की आजादी के बाद पहली बार किसी गैर कांग्रेसी दल को बहुमत से सरकार बनाने का यश मिला है तो भाजपा को मिला है। आजादी के बाद सबसे ज्यादा लोकप्रिय प्रधानमंत्री यदि किसी ने दिया है तो वो भाजपा है। आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा ने न केवल पूरे देश में बल्कि दुनिया में एक विश्वस्त राजनैतिक दल के रूप में अपने आप को स्थापित कर लिया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पिछले ढाई साल में जो काम किया है उसके चलते आज वो विश्व के विश्वस्त चेहरों में से एक बन गए हैं। उन्होंने कहा कि आज के परिप्रेक्ष्य में यदि राजनीति के जानकार और विश्लेषक देखें तो उनका भी नतीजा यही होगा कि भाजपा ने सबसे अधिक और सफलता पूर्वक केन्द्र की सत्ता संभाली है। 

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि आजादी के बाद देश में चार तरह की सरकार बनी, एक कांग्रेस की, दूसरी वामदल की और तीसरी मिश्रित और चौथी सरकार बनी भाजपा की। इन 70 सालों में देश के अंदर सामाजिक शक्तिकरण, महिला शक्तिकरण की दिशा में किसी ने ठोस काम किया है तो भाजपा की सरकार ने की है। जिस दिन भी राजनीतिक विश्लेषक इसका नतीजा रखेंगे तो निश्चित रूप से देश में विकास करने के मामले में भाजपा सरकार सबसे आगे होगी। श्री शाह ने कहा कि देश के अंदर जहां भाजपा की सरकार आती है तो वहां बार-बार भाजपा को ही जनादेश मिलता है। क्योंकि हम पूरे ताकत से और पूरी ईमानदारी से काम करते हैं। भाजपा ने कभी भी जातिवाद की राजनीतिक नहीं की संकुचित साम्प्रदायिक तुष्टिकरण की राजनीति नहीं की। हमने विकास के आधार पर राजनीतिक की है। समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति के लिए काम किया है, हमारा नारा सबका साथ सबका विकास ही मूल मंत्र हैं।