Breaking News

छत्तीसगढ़ का गौरव व सम्मान बढ़ा, राजधानी में फहरा सबसे बड़ा तिरंगा

रायपुर 3 मई 2016 (छत्तीसगढ़ ब्यूरो). छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में देश का सबसे बड़ा तिरंगा मुख्यमंत्री डा रमन सिंह ने फहराया। यह प्रदेश के लिए गौरव की बात है। वाघा बॉर्डर पर सबसे ऊंचे तिरंगे का सपना तो अगले साल पूरा होगा लेकिन छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर को यह सम्मान सबसे पहले प्राप्त हुआ। ये तिरंगा झंडा 82 मीटर ऊंचा और 18 टन वजनी है। इससे पहले 81 मीटर ऊंचे देश के सबसे ऊंचे तिरंगे का सम्मान झारखंड की राजधानी रांची के नाम था।
पहले 25 अप्रैल को केंद्रीय शहरी विकास मंत्री वैंकेया नायडू के हाथों तिरंगा फहराने की तैयारी थी, लेकिन पोल के पास लैंडस्केपिंग और सौंदर्यीकरण का काम पूरा न होने के कारण तारीख आगे बढ़ा दी गई थी। रायपुर के तेलीबांधा तालाब पर बने मरीन ड्राइव पर अब सीएम रमन सिंह के हाथों इस तिरंगे को फहराया गया। देश का सबसे ऊंचा तिरंगा फहराने के साथ ही चारों ओर से रौशनी में नहा रहा है। 82 मीटर ऊंचे तिरंगे को रोज चढ़ाना-उतारना आसान नहीं होगा। इसलिए तिरंगा रात में भी रोशन रहे इसके लिए हाईमास्ट पोल के चारों तरफ एक-एक किलोवॉट की LED  फोकस लाइट लगाई गईं हैं। अचानक बिजली गुल होने पर पावर बैकअप की भी व्यवस्था रहेगी। हाईमास्ट पोल, तिरंगा लगाने का ठेका बजाज इलेक्ट्रिकल कंपनी को दिया गया है। कंपनी तीन साल तक हाईमास्ट पोल, तिरंगे का मेंटेनेंस करेगी।

आपात स्थिति के लिए एहतियातन एक अतिरिक्त झंडा भी मंगाया गया। दोनों झंडे मुंबई की फ्लैग फैक्ट्री में तैयार हुए हैं। झंडा बनाने में नीटेड डेनियर पॉलिस्टर कपड़े का उपयोग हुआ है, जो लाइट पड़ने पर चमकता है। देश का सबसे ऊंचा तिरंगा फहराने के अलावा सीएम रमन सिंह ने तेलीबांधा तालाब के किनारे मोनोलिथिक पद्धति से बने BSUP मकान और बूढ़ापारा में बने स्क्वेश कोर्ट का भी लोकार्पण किया। स्क्वेश कोर्ट बनाने में 87 लाख की लागत से चार स्क्वेश कोर्ट बनाए गए हैं। इस गौरव के क्षण में मुख्यमंत्री डा रमन सिंह  सहित बृजमोहन अग्रवाल, अमर अग्रवाल, श्रीचंद सुंदरानी, सत्य नारायण शर्मा, प्रमोद दुबे(महापौर रायपुर), एवं अन्‍य नेतागण, समर्थक व कार्यकर्ता, शासकीय अधिकारियों सहित सलाम छत्तीसगढ़ अखबार के प्रबंधक श्री रवि माथुर, खुलासा टीवी के स्टेट हेड श्री जावेद अख्तर, फ्लैश न्यूज़ चैनल के स्टेट हेड श्री योगेश मिश्रा व पत्रकार हेमंत, डीडी न्यूज़ से श्री पाण्डेय व मनोज यादव, रायपुर टुडे के संपादक श्री संजय शर्मा, अमृत संदेश से श्री कृष्णा वर्मा, सलाम छत्तीसगढ़ के सिटी संवाददाता पंकज दास व मयंक माथुर एवं बड़ी संख्या में मीडियाकर्मी व पत्रकारगण उपस्थित रहे। साथ ही साथ इस महत्वपूर्ण क्षण का साक्षी बनने के लिये रायपुर के सैकड़ों निवासी भी उपस्थित हुए।