Breaking News

एनडीए की बन सकती है सरकार, पूर्ण बहुमत के आसार: सर्वेक्षण

नई दिल्‍ली। लोकसभा चुनाव 2014 में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) को 275 सीटें मिल सकती हैं। सोमवार रात जारी किए एक ओपिनियन पोल में बीजेपी की अगुवाई वाले एनडीए को देश की 543 लोकसभा सीटों में से 275 सीटें हासिल करते दिखाया गया है।
सरकार बनाने के लिए 272 सीटों की जरूरत होती है। भाजपा को अपने बलबूते 226 सीटें मिलने का अनुमान लगाया गया है। भाजपा को इतनी सीटें पहले कभी नहीं मिलीं। भाजपा की तुलना में कांग्रेस के खाते में केवल 92 सीटें दिखाई गई हैं। वह सहयोगी दलों के साथ 111 सीटों तक ही पहुंचती दिख रही है। अगर चुनाव नतीजे इस अनुमान के मुताबिक ही आए तो यह कांग्रेस की सबसे करारी हार होगी। कांग्रेस को इसके पहले सबसे कम 114 सीटें 1999 में मिली थीं। यह जनमत सर्वेक्षण अप्रैल के पहले सप्ताह में किया गया। अभी मतदान के पांच चरण बाकी हैं। एनडीटीवी की ओर से मार्च में किए गए सर्वेक्षण में भाजपा और सहयोगी दलों को 259 सीटें मिलने का अनुमान लगाया गया था। ताजा सर्वे में भाजपा की बढ़त का कारण उत्तर प्रदेश की 80 में से 51, महाराष्ट्र की 48 में से 37 और बिहार की 40 में से 24 सीटें मिलने का अनुमान है। इसके अलावा सीमांध्र में भाजपा की नई सहयोगी तेदेपा को 15 सीटें मिलना भी है। सर्वे के अनुसार नतीजों में दो फीसद का हेरफेर संभंव है। सर्वे के मुताबिक कांग्रेस को यूपी में महज पांच सीटें मिलने का अनुमान जताया गया है, जबकि मुलायम सिंह यादव की सपा को पिछले चुनाव में मिलीं 23 सीटों के मुकाबले इस बार 14 सीट मिलती दिख रही हैं। बसपा को पिछली बार से आधी 10 सीटें मिलने की उम्मीद है।