Breaking News

नृत्य निर्देशिका सरोज खान की जाएंगी सम्मानित

मुम्‍बई। मशहूर नृत्य निर्देशिका सरोज खान को मुम्‍बई में आठ अक्टूबर से शुरू होने जा रहे मुंबई वूमेंस इंटरनेशनल फिल्म महोत्सव (एमडब्ल्यूआईएफएफ) में सम्मानित किया जाएगा। इस आयोजन का उद्देश्य महिला फिल्मकारों को अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने के लिए एक मंच देना है।
इसे ओक्यूलस क्रिएशन, महाराष्ट्र पर्यटन विकास निगम (एमटीडीसी) के सहयोग से आयोजित कर रहा है। सरोज खान को ‘देवदास’ और ‘जब वी मेट’ जैसी फिल्मों में नृत्य निर्देशन के लिए जाना जाता है। वह 200 से अधिक फिल्मों में नृत्य निर्देशन कर चुकी हैं। महोत्सव के निदेशक अविनाश पवार का मानना है कि सरोज खान बहुत से उभरते नर्तकों और नए नृत्य निर्देशकों के लिए एक प्रेरणा हैं। पवार ने एक बयान में कहा कि वह बहुत से लोगों के लिए प्रेरणा हैं और संघर्षों के बाद उन्होंने फिल्मोद्योग में अपना विशिष्ट मुकाम हासिल किया है। उनके जैसी हस्ती को सम्मानित करना महोत्सव के लिए सौभाग्य की बात है। सात दिवसीय महोत्सव के दौरान निधि तूली द्वारा निर्मित एक वृतचित्र, ‘द सरोज खान स्टोरी’ भी प्रदर्शित किया जाएगा। महोत्सव में 180 से ज्यादा फिल्में प्रदर्शित की जाएंगी और देश की पहली महिला फिल्म निर्देशक फातमा बेगम के नाम पर एक अवॉर्ड की शुरुआत की जाएगी।