Breaking News

ट्रेड यूनियन हड़ताल आज से होगा दो दिन महाबंद

कानपुर। देश की प्रमुख ट्रेड यूनियन द्वारा बुधवार और गुरुवार को 20-21 फरवरी को हड़ताल का आह्वान किया गया है। हड़ताल में बैंक, बीमा, आयकर, वाणिज्य कर, सेवाकर, केडीए-नगर निगम, श्रम और उद्योग समेत अन्य विभागों के हजारों कर्मचारी हड़ताल करेंगे।
मंगलवार को सरकारी दफ्तरों, बैंकों में रोज के मुकाबले ज्यादा भीड़भाड़ रही। तमाम कर्मचारी नेताओं ने हड़ताल के समर्थन में जुलूस, बैठकें और प्रदर्शन आयोजित किए। हड़ताल को लेकर सुप्रीम कोर्ट भी अपनी नाराजगी जता चुका है, इसके बावजूद ट्रेड यूनियन हड़ताल के लिए पूरी तरह तैयार हैं। एक अनुमान के मुताबिक इस हड़ताल से अरबों का उत्पादन, बैंकिंग लेनदेन और राजस्व प्रभावित होगा। वहीं आम लोगों के लिए दो दिन दुश्वारियों भरे होंगे। यूपी बैंक इम्प्लाईज एसोसिएशन के मंत्री अशोक शुक्ला ने बताया कि केंद्र सरकार ने बैंकों के विलय का कार्यक्रम शुरू कर दिया है। इस कड़ी में सात बैंकों को अंतर्राष्ट्रीय का बनाने की तैयारी है। बाकी सभी बैंकों को इसमें विलय किया जाएगा। श्री शुक्ला के मुताबिक उनकी यूनियन ऐसे ही तमाम फैसलों को लेकर विरोध में है। कई बार ऐसे फैसलों को वापस लेने के संबंध में अनुरोध किया गया लेकिन सरकार ने आश्वासन के अलावा कुछ नहीं दिया। इसी के चलते हड़ताल का निर्णय लिया गया है।