Breaking News

गणतन्‍त्र दिवस पर भारत का शक्ति प्रदर्शन

नई दिल्ली।। कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच देशभर में 64वें गणतंत्र दिवस समारोह जारी हैं। मुख्य समारोह देश की राजधानी दिल्ली में हुआ। राजपथ पर गणतंत्र दिवस की परेड का भव्य नजारा दिखाई दिया। इसमें देश की ताकत और विविधता का प्रदर्शन किया गया। राजपथ से जैसे ही भारत की 'अग्नि-5' मिसाइल और 'अर्जुन टैंक' गुजरे, हर नजर उन्हीं पर टिक गई।
लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट से इनका स्वागत किया। परेड में इस बार भूटान नरेश जिग्मे खेसर नामग्याल वांगचुक बतौर मुख्य अतिथि शामिल रहे।
राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी के तिरंगा फहराने और राष्ट्रगान की धुन के साथ ही गणतंत्र दिवस की भव्य परेड राजपथ से लालकिले के लिए शुरू हुई। सबसे पहले सेना के चार हेलिकॉप्टरों ने राजपथ के ऊपर आकाश में उडान भरी। एक हेलिकॉप्टर पर तिरंगा और बाकी तीन पर थलसेना, नौसेना और वायुसेना के झंडे लहरा रहे थे। इन हेलिकॉप्टरों ने राजपथ पर फूल बरसाए।