Breaking News

गैंग रेप की शिकार लड़की ने दम तोड़ा

सिंगापुर।। सुपर स्पेशऐलिटी माउंट एलिजाबेथ हॉस्पिटल में भर्ती दिल्ली गैंग रेप की शिकार 23 वर्षीय युवती जिंदगी की जंग हार गई। शनिवार तड़के उनकी मौत हो गई। डॉक्टरों ने शुक्रवार रात को ही आशंका जताई थी कि पीड़ित लड़की के कई अंग काम करना बंद कर सकते हैं। भारतीय समय के अनुसार शनिवार तड़के रात 2 बजकर 15 मिनट पर
पीड़ित युवती ने आखिरी सांस ली। सिंगापुर में भारतीय उच्चायुक्त टीसीए राघवन ने कहा कि शव भेजने की तैयारी चल रही है। दोपहर बाद शव भारत भेजा जा सकता है। पारिवारिक सूत्रों का कहना है कि युवती के पार्थिव शरीर को भारतीय समय के अनुसार दोपहर 12 बजे के करीब सिंगापुर से स्पेशल प्लेन से लेकर रवाना होंगे और शाम तक दिल्ली पहुंचने की संभावना है। अंतिम संस्कार कल किया जाएगा।

नई दिल्ली में रविवार 16 दिसंबर की रात चलती बस में गैंग रेप के बाद लड़की को बुरी तरह पीटा गया था। दिल्ली के सफदरजंग हॉस्पिटल से लड़की को 26 दिसंबर की रात एयर ऐंबुलेंस के जरिए सिंगापुर के माउंट एलिजाबेथ हॉस्पिटल ले जाया गया था। सफदरजंग हॉस्पिटल में लड़की के तीन ऑपरेशन हुए थे। वहां इलाज के दौरान ज्यादातर समय उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था। डॉक्टरों ने इन्फेक्शन की वजह से मरीज की आंत को भी ऑपरेशन कर निकाल दिया था।

कोई टिप्पणी नहीं