Breaking News

इधर हैप्पी बर्थ डे, उधर होर्डिंग पर कालिख

कानपुर। कोयला मंत्री श्रीप्रकाश जायसवाल की सीटीआई चौराहे पर लगी होर्डिंग पर किसी के कालिख लगा देने पर कांग्रेसियों ने नाराजगी व्यक्त की । मंगलवार को जायसवाल का जन्म दिन था। घटना से गुस्साए कांग्रेसी पहले हरकत करने वाले का पता करते रहे। इसके बाद कालिख लगी होर्डिंग को हटाकर दूसरी लगवा दी। इधर कोयला मंत्री के जन्म दिन पर कांग्रेसियों ने यतीमखाना परेड, अनाथाल लाटूश रोड और नगर निगम विद्यालय आर्यनगर में बच्चों को मिठाई, फल वितरित किए। मेस्टन रोड पर भोज का आयोजन किया गया। राहगीरों को पूड़ी, सब्जी और बूंदी वितरित की गई।
सीटीआई चौराहे पर लगी एक होर्डिंग पर सुबह कालिख देखकर कांग्रेस कार्यकर्ता आक्रोशित हो गए। पार्षद अश्विनी चड्ढा ने बताया कि बाद में एक कार्यकर्ता ने नई होर्डिंग लगवा दिया। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री डॉ शैलेंद्र दीक्षित, अब्दुल सलाम जाफरी ने घटना की निंदा की है और कहा कि यह कुंठित मानसिकता के किसी व्यक्ति का अमर्यादित कार्य है। इधर जन्म दिन पर शरद मिश्र, इकबाल अहमद आदि कांग्रेसियों ने भोज का आयोजन किया था।
इस संबंध में कोयला मंत्री जायसवाल ने कहा कि कौन, क्या कर रहा है, इसकी हमें जानकारी नहीं है। शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष महेश दीक्षित, निजामुद्दीन खां, रिजवान हामिद, मोहम्मद आसिफ, आरिफ ने यतीमखाना और अनाथालय में मिठाई बांटी। अलक शंकर शर्मा की अगुवाई में नगर निगम विद्यालय में मिठाई बांटी गई। जागृति तिराहे पर सर्वदलीय मंच ने कोयला मंत्री का बर्थ डे मनाया। केक सोम नारायण शुक्ल ने काटा। इस मौके पर वीरेंद्र उपाध्याय, राकेश वाजपेयी आदि रहे।

कोई टिप्पणी नहीं