Breaking News

BSA जालौन पर प्रधानाध्यापिका ने लगाया बिना जांच कार्यवाही का आरोप


जालौन 29 जुलाई 2019 (महेश प्रताप सिंह). मसगांव प्राथमिक विद्यालय की प्रधानाध्यापिका ने अपने ही विद्यालय में पढाने वाली शिक्षामित्र पर साजिशन फंसाने और ट्रान्सफर कराने की धमकी देने का आरोप लगाया है। महिला शिक्षामित्र सप्ताह में एक दो दिन ही विद्यालय आती हैं और हाजिरी पुस्तिका में पूरी अटेन्डेन्स लगाकर चली जाती है। जब प्रधानाध्यापिका ने इस बात का विरोध किया तो महिला शिक्षामित्र ने विद्यालय के बच्चों का झाडू लगाते हुये एक विडियो वायरल कर दिया। आरोप है कि जालौन के बीएसए ने भी बिना जांच किये उनके खिलाफ कार्यवाही कर दी।


कुठौंद ब्लाक के मसगांव प्राथमिक विद्यालय में संगीता वर्मा प्रधानाध्यापिका है। संगीता वर्मा का कहना है कि विद्यालय में कार्यरत शिक्षामित्र क्षमा त्रिपाठी कभी कभार ही विद्यालय आती हैं और हाजिरी रजिस्टर में पूरी हाजिरी लगाती हैं। यही नहीं रजिस्टर में जहां जहां वे अनुपस्थिति लगाती हैं वहां शिक्षामित्र क्षमा त्रिपाठी व्हाइटनर लगाकर उसके उपर प्रजेन्ट लगा देती हैं। संगीता वर्मा ने जब इस बात का विरोध किया तो शिक्षामित्र क्षमा त्रिपाठी ने विद्यालय के बच्चों से झाडू लगवाते हुये एक विडियो बना ली। विडियो में शिक्षामित्र क्षमा त्रिपाठी स्वयं विडियो बनाते दिख रही हैं और उस विडियो को यह कहते हुये समाचार पत्रों और अधिकारियों तक वायरल किया गया कि प्रधानाध्यापिका संगीता वर्मा द्वारा बच्चों से विद्यालय में झाडू लगवायी जाती है। जबकि यह विडियो साजिशन शिक्षामित्र क्षमा त्रिपाठी द्वारा स्वयं बनाया गया था, जिसमें वे विडियो बनाते स्वयं दिख भी रही हैं। बेसिक शिक्षा अधिकारी राजेश कुमार शाही से उन्होंने इस बारे में शिकायत की तो उन्होंने भी बिना जांच के उन पर कार्यवाही करते हुये उनका वेतन रोक दिया। 


प्रधानाध्यापिका संगीता वर्मा ने बताया कि बेसिक शिक्षा अधिकारी का कहना है कि विडियो फर्जी हो या सही, डीएम का आदेश है तो कार्यवाही आप पर ही होगी। उधर शिक्षामित्र क्षमा त्रिपाठी के कथित आपराधिक इतिहास वाले पति द्वारा भी संगीता वर्मा को धमकी मिल रही है और उनका ट्रान्सफर कराने के लिये क्षेत्रीय नेताओं द्वारा बेसिक शिक्षा अधिकारी पर दबाव बनाया जा रहा है। इस विषय में जब हमारे संवाददाता ने जालौन के बीएसए से वार्ता करनी चाही तो उनका फोन नहीं उठा।




कोई टिप्पणी नहीं