Breaking News

कानपुर - कांग्रेस मुख्यालय में मनाई गयी महात्मा गांधी की पुण्य तिथि

कानपुर 30 जनवरी 2017. महानगर कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 69 वीं पुण्य तिथि पर कांग्रेस मुख्यालय तिलक हाल में सर्वधर्म प्रार्थना, चरखा कताई एवं पुष्पांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम रामधुन से प्रारम्भ हुआ जिसके पश्‍चात गीता पाठ उषा रत्नाकर शुक्ला व कुरान की आयतें अच्छन खां द्वारा प्रस्‍तुत की गयीं।

कार्यक्रम में गुरु ग्रन्थ साहब का पाठ स0 मदन गोपाल राखरा एवं बाइबिल को श्री सैमुअल लकी सिंह ने अपनी मधुर वाणी से प्रस्‍तुत किया। महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री हरप्रकाश अग्निहोत्री ने पुष्पांजलि के उपरान्त अपने विचार रखते हुये कहा कि अहिंसा के पुजारी एवं एक लाठी व धोती धारण कर भारत को आजादी दिलाने वाले राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एक व्यक्ति नही विचार थे, उन्होंने अपना पूरा जीवन भारत माता को आजादी दिलाने में अर्पण कर दिया। तदोपरान्त चरखा कताई का कार्यक्रम श्री हलीम उल्ला खां के कर कमलों द्वारा किया गया। संचालन के.के तिवारी ने तथा संयोजन दिनेश बाजपेयी ने किया। पुष्पांजलि सभा में प्रमुख रुप से दिनेश बाजपेई, संजय शाह, पवन गुप्ता, कृपेश त्रिपाठी, कमल जायसवाल, त्रिलोकी नाथ महरोत्रा, हाजी इफ्तिखार अली बेग, चन्द्रमणि मिश्र, जफर शाकिर, राजसिंह यादव आदि उपस्थित रहे।