Breaking News

अल्हागंज में हुई चोरियों का खुलासा, 15 लाख कीमत का सोना बरामद

शाहजहाँपुर 07 जुलाई 2016. (अमित बाजपेई). अल्हागंज थाना क्षेत्र के ग्राम छोटी मिघौल में 1 जुलाई की रात्रि को हुई चोरी का आज पुलिस ने खुलासा कर दिया। इस घटना के खुलासे हेतु पुलिस अधीक्षक ने अल्‍हागंज पुलिस को सख्‍ती से निर्देशित किया था। थाना अध्यक्ष धर्मेन्द्र सिंह ने तत्‍परता दिखाते हुये मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम के साथ सेडा नदी की पुलिया के पास से कल्याण सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार उक्त अभियुक्त ने अपने साथी राजेश व अपनी पत्नी राजकुमारी के साथ मिलकर उक्त चोरी को किया जाना स्वीकार किया है। अभियुक्त कल्याण उर्फ कल्लू द्वारा बताये गए स्थान से उसके साथी राजेश को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने दोनों अभियुक्तों की निशानदेही पर चोरी किया गया सामान भी बरामद किया है। उक्त अभियुक्तों ने पुलिस पूछताछ में थाना अल्हागंज के ग्राम इस्लामगंज निवासी राघवेन्द्र के घर से भी चोरी करना स्वीकार किया है। तथा इस चोरी का भी माल पुलिस ने बरामद कर लिया है। एसपी ने बताया कि फरार राजकुमारी जो कल्याण सिंह की पत्नी है, उसकी गिरफ्तारी के लिए टीम लगा दी गई और जल्द ही वो पुलिस की गिरफ्त में होगी।

प्रेस वार्ता में एसपी ने बताया कि अभियुक्तों से बरामद कुल माल की कीमत लगभग 15 लाख रूपये है। पुलिस ने अभियुक्तों के पास से सोने की चूड़ी, हार, मंगलसूत्र, झुमकी, अंगूठी, झाले, कुंडल, अंगूठी,  चैन, पायल, बिछुआ आदि बरामद किया है। पकड़े गए अभियुक्तों में कल्याण सिंह व राजेश सिंह ग्राम छोटी मिघौल थाना अल्हागंज के निवासी है। अभियुक्तों को गिरफ्तार करने वाली टीम में धर्मेन्द्र सिंह थानाध्यक्ष, उपनिरीक्षक देशराज सिंह, हे.का. मोहर सिंह व सिपाही राजेश कुमार, मुलायम सिंह शामिल रहे। उक्त खुलासा करने वाली पुलिस टीम को एसपी ने 5 हजार का नगद इनाम देने की घोषणा की है।