Breaking News

आगरा - समाधि लेने की जिद पर अड़ी 14 वर्ष की साध्वी

आगरा 29 सितंबर 2015 (IMNB). ताजनगरी आगरा में चार वर्ष पहले इंद्र देवता को मनाने के लिए तप पर बैठी 14 वर्ष की साध्वी नीरू बारिश होने के बाद भी वहां लगातार तप कर रही है। ग्र्रामीणों ने एक मंदिर का निर्माण भी करा दिया है। किशोरी ने कल तप स्थल पर समाधि लेने की ठान ली। समाधि लेने की उसकी जिद से पुलिस और प्रशासन में खलबली मच गई।

फिलहाल प्रशासन की सख्ती के बाद साध्वी के पिता ने सुर बदलते हुए समाधि की बात खारिज कर दी। आगरा के पिनाहट थाना क्षेत्र के अमर सिंह का पुरा के हरी सिंह की 14 वर्षीय पुत्री नीरू चार साल पहले वर्षा के लिए गांव में तप पर बैठ गई थी। श्रद्धा के चलते ग्रामीणों ने तप स्थल पर मंदिर का निर्माण भी करा दिया, लेकिन इसके बाद भी नीरू तप पर बैठी रही और अन्न जल भी त्याग दिया। हरी सिंह ने कहा कि आठ दिन पहले साध्वी ने तप स्थल पर समाधि लेने की इच्छा जता दी। इसके लिए कल का दिन तय किया गया। सुबह से गांव में समाधि दिलाने की तैयारी की जानकारी पर तहसीलदार व सीओ फोर्स के साथ तपस्थल पर पहुंच गए। उस समय ग्रामीण किशोरी को दूध और गंगाजल से नहला रहे थे। पुलिस ने रोकने का प्रयास किया तो गांव वालों ने जयकारे लगाने शुरू कर दिए। ग्रामीणों को हटाकर पुलिस ने किशोरी को घर पर पहुंचा दिया। इसी बीच अधिकारियों ने साध्वी के पिता पर सख्ती दिखाई तो उनके सुर बदल गए। वे समाधि की बात को ही खारिज करने लगे। उनका कहना था कि आज मेला लगना था। उसकी तैयारी चल रही थी। तपस्थल पर भारी पुलिस बल तैनात कर है।