Breaking News

आय से अधिक संपत्ति का मामला राजनीति से प्रेरित : राजा

चेन्नई, 23 अगस्त 2015 (IMNB). पूर्व केंद्रीय संचार मंत्री ए. राजा ने अपने खिलाफ सीबीआई द्वारा दर्ज आय से अधिक संपत्ति के मामले को और उनके ठिकानों पर मारे गए छापों को राजनीति से प्रेरित करार दिया है। राजा ने कहा कि यह एक झूठा मामला है। सीबीआई ने उनके खिलाफ एक झूठा मामला दर्ज किया है और नई दिल्ली और चेन्नई में सीबीआई अधिकारियों के बीच इस मुद्दे पर मतभेद है।

 द्रमुक नेता ने कहा कि सीबीआई ने उनके पूर्व सहयोगी सादिक पाशा की संपत्ति को उनके नाम जोड़ दिया है। पाशा ग्रीन हाउस प्रमोटर्स के प्रमोटर रहे हैं और 2011 में रहस्यमय स्थितियों में उन्हें मृत पाया गया था। सीबीआई ने 19 अगस्त को कहा था कि राजा और 16 अन्य के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का एक मामला दर्ज किया गया है। जांच एजेंसी ने 20 स्थानों पर छापे भी मारे थे। इनमें से छह स्थान चेन्नई में, एक नई दिल्ली में, दो कोयंबटूर, आठ पेरम्बलूर, और तीन स्थान त्रिची में थे। तलाशी के दौरान कई आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद हुए, जिनमें फायनेंसियल स्टेटमेंट, आयकर रिटर्न, स्थायी संपत्ति के दस्तावेज, बिल, वाउचर्स और इनवायस शामिल थे।