Breaking News

पद्म सम्मान सिर्फ मक्कार, बेईमान और बड़े लोगों को- शरद यादव

मुंबई । जनता दल यूनाइटेड के अध्यक्ष और पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद यादव ने पद्म सम्मान पर आपत्तिजनक टिप्पणी की है। उन्होंने कहा, पद्म सम्मान सिर्फ मक्कार, बेईमान और बड़े लोगों को मिलता है, किसी गरीब या आदिवासी को पद्म सम्मान अभी तक नहीं मिला।
शरद यादव की इस टिप्पणी से सियासी बवाल मच गया है।गौरतलब है कि हर साल राष्ट्रपति भवन में भव्य समारोह आयोजित करके पद्म पुरस्कार दिए जाते हैं। अपने-अपने फन में माहिर लोगों को सरकार पद्म सम्मानों के लिए चुनती है और उन्हें इन विशिष्ट नागरिक सम्मानों से सम्मानित करती है। शरद यादव पहले भी अपने विवादित बयानों के लिए सुर्खियों में रहे हैं और एक बार फिर उन्होंने पद्म सम्मान पर बोलकर नए विवाद को जन्म दे दिया है।ज्ञात हो कि हाल ही में लेखक सलीम खान ने भी पद्मश्री सम्मान लेने से इनकार कर दिया था। उनका कहना था पद्मश्री सम्मान उनके स्तर का नहीं है। याद हो कि शरद यादव ने कुछ दिन पहले सांवली सूरत पर भी विवादित बयान दिया था जिसको लेकर संसद के अंदर और संसद के बाहर खूब हंगामा बरपा था। उनके उस बयान को नारी सम्मान से भी जोड़ा गया और नस्लीय टिप्पणी माना गया।


(IMNB)