Breaking News

अमित शाह इटावा में कल करेंगे महारैली

इटावा 26 अक्टूबर 2016 (ब्‍यूरो रिपोर्ट). भाजपा के अध्यक्ष अमित शाह गुरुवार को समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख मुलायम सिंह यादव के गृह जिले इटावा में महारैली को सम्बोधित करेंगे। भाजपा ने यहां बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के बागी बृजेश पाठक की संगठनात्मक क्षमताओं का परीक्षण करने के लिए महारैली के आयोजन की जिम्मेदारी उन्हें सौंपी है।

यह रैली एक प्रकार से सपा अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव को उनके ही गृह जिले में चुनौती मानी जा रही है। हालांकि, शाह गुरुवार शाम लखनऊ में वरिष्ठ नेताओं के साथ आगामी पांच नवम्बर से शुरू होने वाली चार परिवर्तन यात्रा की योजना के बारे में बैठक करेंगे। बसपा बागी नेता बृजेश पाठक ने पिछले महीने पार्टी में शामिल हुये हैं। इटावा में महारैली की सफल बनाने का दायित्व उन्हें दिया गया है।

 भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि शाह की इटावा में कल की महारैली ऐतिहासिक होगी। उन्होंने कहा कि भाजपा की यह रैली समाजवादी पार्टी के कुुशासन के खिलाफ है। इस रैली से सपा मुक्त उप्र को बल मिलेगा। उन्होंने बताया कि नुमाइश मैदान में आयोजित होने वाली इस रैली में दो लाख से अधिक लोगों की भीड इकट्ठा होने की उम्मीद है। शाह सैफई एयरपोर्ट 11 बजे पहुंचेगे और रैली स्थल पर 11.30 पहुंचने का कार्यक्रम है। बाद में शाह 3.15 बजे लखनऊ आयेंगे। अपराहृन चार से आठ बजे तक पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक करेंगें। शाह रात नौ बजे वापस दिल्ली लौट जायेंगे।