Breaking News

हाथरस कांड – पीडिता के ताऊ के सीने पर डीएम ने मारी लात, फोन भी छीने ??


हाथरस (सूरज वर्मा). हाथरस कांड में पुलिस और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर लगातार सवाल उठ रहे हैं। पीड़िता के गांव में घेराबंदी की गई है। किसी को भी गांव से बाहर आने और बाहर से किसी को गांव में जाने की इजाजत नहीं दी गई है। इधर गांव से छिपकर मीडिया के पास आए एक लड़के ने पुलिस-प्रशासन पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। लड़के ने कहा है कि पीड़िता के घरवाले मीडिया से बात करना चाहते हैं लेकिन उन्हें घर में कैद कर दिया गया है। सबके मोबाइल छीन लिए गए हैं और उसके ताऊ की छाती पर लात मारी गई है। 
 
 
प्राप्‍त जानकारी के अनुसार खेतों से भागते हुए मीडिया के पास आए एक लड़के ने कहा कि उसे घरवालों से भेजा है। उसे कहा गया है कि मीडिया वालों को बुला लाओ। घरवाले कुछ बात करना चाहते हैं, लेकिन उन्हें निकलने नहीं दिया जा रहा है। लड़के ने पत्रकारों से बातचीत में दावा किया कि पुलिस ने घर में घेराबंदी कर रखी है। गांव, गली, घर में, घर के बाहर और घर की छत पर पुलिस तैनात है। किसी को भी बाहर नहीं निकलने दिया जा रहा है। मीडिया से बात करने पर पाबंदी है। लड़के ने आरोप लगाया डीएम साहब आए थे, उन्होंने ताऊ की छाती पर लात मारी। वह बेहोश हो गए। उनकी तबीयत खराब है। मैं छिपकर खेतों से यहां तक आया हूं। ताऊ ने कहा कि मीडिया वालों से बात करनी है बुला लाओ। 
 
 
वहीं प्रदेश के सीएम योगी आदित्‍यनाथ ने चुप्पी तोड़ी है। आज उन्होंने बलात्कारियों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि माताओं-बहनों के सम्मान-स्वाभिमान को क्षति पहुंचाने वाले का समूल नाश सुनिश्चित है। उन्होंने प्रदेश के लोगों को आश्वासन दिया है कि उनकी सरकार प्रत्येक माता-बहन को सुरक्षा और विकास देने के लिए संकल्पबद्ध है।
 
 
 
 
 

कोई टिप्पणी नहीं