Breaking News

चोरों ने किया पुलिस की नाक में दम, उड़ाये एक करोड़ के जे़वरात

कानपुर (गुड्डू सिंह). कोरोना के बढ़ते खौफ के बीच अब चोरों का आतंक कानपुर में तेजी से बढ़ रहा है, पिछले कुछ दिनों में चोरी की अलग-अलग वारदात इसका इशारा कर रही हैं। चोरी की ऐसी ही एक बड़ी वारदात आज थाना गोविन्द नगर के अंतर्गत रतनलालनगर में हुई। यहां पर चोरों ने 80 लाख के जेवरात और 5 लाख नकदी पर हाथ साफ कर दिया। चोरी की पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई। सुबह स्वजन जागे तो मामले की जानकारी हुई और पुलिस को मामले की सूचना दी। 



रतनलाल नगर चौकी की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें दो चोर दिखे हैं। परिवार ने गुरुवार को निकाले गए नौबस्ता के कर्मचारी पर शक जताया है। रतनलाल नगर निवासी श्याम नारायण तिवारी के परिवार में पत्नी स्नेहलता, चार बेटे शोभित, सचिन, सौरभ और गौरव हैं। श्याम नारायण के अनुसार दादानगर में लक्ष्मी इंडस्ट्रियल के नाम से फैक्ट्री है, जिसे सचिन देखता है। घर पर स्वीट हाउस है, जिसे शोभित और सौरभ देखते हैं, जबकि दूध डेयरी को वह खुद संभालते हैं। शोभित का गुरुवार रात पथरी का ऑपरेशन हुआ था। रात में श्याम नारायण अन्य बेटों के साथ हॉस्पिटल में थे। घर पर स्नेहलता और शोभित की पत्नी प्रियंका थीं। 



प्रियंका ने बताया कि बगल के मकान की छत के रास्ते चोर बेडरूम की खिड़की के रास्ते कमरे में दाखिल हुए। शातिरों ने अलमारी से पांच लाख नकद समेत करीब एक करोड़ के जेवर और कीमती सामान चोरी कर लिया। प्रियंका ने बताया कि सुबह जब वह उठीं तो कमरे का दरवाजा बंद था। उन्होंने सास स्नेहलता और घर पर रहने वाले कर्मचारी सतेंद्र उर्फ बड़कऊ को आवाज लगाई। प्रियंका ने दरवाजे के बगल की खिड़की से झांककर देखा तो अलमारी खुली मिली। इस पर वह शोर मचाते हुए दूसरी खिड़की से बाहर आईं। सीसीटीवी में शातिरों की फुटेज मिली है। पुलिस घटना की जांच कर रही है। 



कोई टिप्पणी नहीं