Breaking News

असम में बोले मोदी - चायवालों से कांग्रेस तिलमिलाई है

नई दिल्‍ली 30 मार्च 2019. पीएम मोदी ने असम के मोरान में रैली को संबोधित करते हुए कहा कि भारत ने पहली बार आतंकियों के घर में घुसकर मारा, लेकिन कांग्रेस परेशान है। उन्होंने कहा, 'भारत के साथ पूरी दुनिया खड़ी हो गई, लेकिन कांग्रेस की नींद उड़ गई। आप सब इन बातों से खुश हैं, लेकिन दो जगहों में खुशी नहीं है। उसमें एक जगह है कांग्रेस का परिवार और दूसरा आतंकियों का घर-बार. 11 अप्रैल को जब आप कमल के फूल के सामने वाला बटन दबाएंगे तो इन्हीं दो जगहों पर सन्नाटा छाने वाला है।


पीएम मोदी ने कहा कि उनको (कांग्रेस को) चौकीदार से नफरत तो है ही, चायवालों से भी ये तिलमिलाए हैं। चाय उगाने वालों से लेकर चाय बनाने वालों की तरफ ये देखते नहीं हैं। असम में चाय की खेती करने वालों का कांग्रेस ने दशकों तक भला नहीं किया। लेकिन ये चाय वाला, आपके जीवन को आसान बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।


पीएम मोदी ने कहा कि भारत ने अंतरिक्ष में अपनी क्षमताओं को विस्तार दिया है। अंतरिक्ष में जाकर जीवंत सैटेलाइट को मारने वाला भारत आज चौथा देश बन गया है। आपको इस बात से खुशी होगी, लेकिन कांग्रेसियों की आंखों में आंसू हैं। पीएम ने कहा कि कांग्रेस ने ऐसी सरकार चलाई है, जिसने भारत जैसे विराट देश की पहचान एक पीड़ित देश की बना दी थी।


कोई टिप्पणी नहीं