Breaking News

कानपुर - राष्ट्रपति ने किया विपश्यना केन्‍द्र के हॉस्टल का उद्घाटन

कानपुर 25 फरवरी 2019 (सूरज वर्मा). राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद सोमवार को कानपुर के दौरे पर पहुंचे। यहां उन्होंने 'धम्म कल्याण विपश्यना साधना केंद्र' के पुरुष निवास ब्लॉक का लोकार्पण किया। कार्यक्रम में उनके साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्य के उद्योग मंत्री सतीश महाना भी मौजूद थे।  
 

राष्ट्रपति कोविंद के कानपुर पहुंचने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनका स्वागत किया। यहां से वह सबसे पहले सुबह 10 बजे सलेमपुर के बालाजी मंदिर के एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने पहुंचे। इसके बाद महाराजपुर में गंगा तट पर बने विपश्यना केंद्र के नए ब्लॉक का उद्‌घाटन किया। उन्होंने डीएवी कॉलेज के 100 साल पूरे होने के समारोह का भी उद्‌घाटन किया। 

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद सोमवार को लखनऊ से अपने विशेष विमान से कानपुर पहुंचे थे। राज्यपाल राम नाईक, सीएम योगी आदित्यनाथ भी लखनऊ से उनके साथ कानपुर पहुंचे। चकेरी एयरपोर्ट से पहले राष्ट्रपति को हेलीकॉप्टर के जरिए महाराजपुर के सलेमपुर स्थित बालाजी मंदिर पहुंचना था। कार्यक्रमों में हुए फेरबदल के चलते राष्ट्रपति हेलीकॉप्टर की जगह सड़क मार्ग से होते हुए बालाजी मंदिर पहुंचे। राष्ट्रपति ने दर्शन और परिक्रमा के बाद मंदिर परिसर में भारत माता की प्रतिमा का अनावरण किया। यहां उन्होंने सबसे पहले बालाजी मंदिर में दर्शन कर पूजन किया। राष्ट्रपति यहां लगभग 25 मिनट तक रूके।