Breaking News

जलकल कर्मचारियों ने किया धरना प्रदर्शन

कानपुर 20 फरवरी 2019 (अनुज तिवारी). कानपुर जलकल विभाग एवं नगर निगम के अधिकारी शासन के आदेशो का पालन न कर कमीशन के लालच में सीवर सफाई कर्मचारी, हैण्डपंप कर्मचारी, ट्यूबवेल व पानी की टंकी के कर्मचारियों को उपकरण न देकर उन्हें जबरन क्षेत्रों से हटाकर ठेकेदारी से कार्य कराते हैं।इसके विरोध में जल संस्थान कर्मचारी यूनियन द्वारा जल निगम कार्यालय में धरना देकर प्रदर्शन किया गया।



मांगों को बताते हुए वक्ताओं ने कहा कि 1 से 7 तारीख तक सभी कर्मचारियों का वेतन भुगतान किया जाये व सीवर, पाइप लाइन, हैण्डपंप तथा टयूबवेल पानी की टंकियों में कार्यरत कर्मचारियों को उचित उपकरण दिया जाये। साथ ही मृतक व रिटायर्ड कर्मचारियों का भुगतान किया जाये। कहा गया कि कर्मचारियों का बकाया एसीपी का पैसा भुगतान हो व सातवां वेतनमान एरियर का पैसा दिया जाये जो शासनादेश है। साथ ही वर्षो से एक ही स्थान पर जमे कर्मचारी व अधिकारी को मुख्यमंत्री के निर्देशों का पालन करते हुये तत्काल हटाया जाये। 

जर्जर पानी की टंकी टयूबवेल की वर्षो से मरम्मत, रंगाई-पुताई, फैली गन्दगी को समाप्त कर कर्मचारी को डि्यूटी करने योग्य किया जाये और खाली पदों को शीघ्र भरा जाये। सीवर में कार्यरत कर्मी की मृत्यु पर दस लाख दिया जाये, कर्मचारियों का लखनऊ भारतीय जीवन बीमा निगम द्वारा बीमा न कराकर प्राइवेट ऐजेन्सी से कराया जाये। कहा कि दूसरे शनिवार को प्रदेश भर के सभी विभाग अवकाश पर होते है ऐसे में कानपुर नगर निगम में सफाई कर्मचारियों को इस दिन का अतिरिक्त वेतन दिया जाये। वहीं यह भी कहा कि 2016 में नोट बंदी में विभाग को 18 करोड़ रू0 प्राप्त हुआ, 2018 में 27 करेाड रू0 12वां वित्त व 13वां वित्त, 14 वित्त का करोडों रू0 विभाग में आया वो कहां खर्च कहा हुआ इसकी जांच करायी जाये। इसके साथ कई अन्य मांगों पर भी चर्चा हुई तथा कहा गया कि सभी बिन्दुओं पर विचार कर शासन जलकल विभाग व नगर निगम के अधिकारियों पर उचित कार्यवाही कर कर्मचारियों की मांगों का निस्तारण करें।