Breaking News

चाकू के बल पर मौसेरी बहनों को उठा ले गए युवक, लूट ली आबरू

कानपुर 16 जनवरी 2019 (महेश प्रताप सिंह). चकेरी के जाजमऊ में कुछ युवकों ने सोमवार की रात मानवता को शर्मसार कर दिया। घर पर सो रही दो मौसेरी बहनों को चाकू के बल पर गंगा किनारे उठा ले गए और फिर सामूहिक दुष्कर्म किया। रात में दोनों को बेहोशी की हालत में छोड़कर फरार हो गये। सुबह होश आने पर दोनों बहनें बदहवासी की हालत में घर पहुंची और परिजनों को आपबीती बताई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर कार्रवाई शुरू करते हुए पीड़ित किशोरियों को चिकित्सकीय परीक्षण के लिए भेजा है।


चकेरी क्षेत्र के एक गांव में घर पर महिला अपनी 16 वर्षीय पुत्री तथा बहन की 15 वर्षीय बेटी के साथ सो रही थी। आरोप है कि देर रात इलाके का युवक व उसके साथी दीवार फांदकर घर में घुस आये। सभी युवक दोनों किशोरियों से छेड़छाड़ करने लगे, विरोध किया तो चाकू निकालकर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद दोनों किशोरियों की गर्दन पर चाकू रखकर मुंह बंद कर दिया और खींचते हुए गंगा कटरी की ओर ले गये। युवकों ने दोनों बहनों के साथ दुष्कर्म किया और देर रात बेहोशी की हालत में छोड़कर फरार हो गये।


मंगलवार सुबह दोनों बहनें बदहवासी की हालत में घर पहुंची और आपबीती सुनाई। इसके बाद परिजनों ने दोनों को चौकी ले गये और पुलिस को घटना की जानकारी दी। इंस्पेक्टर अजय सेठ ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी रवि व उसके साथियों पर पाक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है। पीड़िता किशोरियों को चिकित्सकीय परीक्षण के लिए भेजा गया है। मेडिकल रिपोर्ट में दुष्कर्म की पुष्टि होने पर मुकदमे में धारा बढ़ा दी जायेगी।