Breaking News

गार्ड की बंदूक से निकली गोली से युवक की मौत

कानपुर 8 दिसम्बर 2018. कल्याणपुर इलाके में शुक्रवार रात अपार्टमेंट में जाने से मना करने पर अपार्टमेंट के गार्ड और अंडे की दुकान लगाने वाले चेतन सिंह चंदेल में झगड़ा हो गया। चेतन और उसके साथियों के पिटाई करने पर गार्ड ने अपनी लाइसेंसी दुनाली बंदूक से गोली चला दी। गर्दन में गोली लगने से चेतन की मौत हो गई। भीड़ ने आरोपी गार्ड को वारदात में प्रयुक्त बंदूक के साथ पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।


घटना के बाद गुस्साए परिजनों ने अपार्टमेंट के सामने हंगामा किया। सीओ कल्याणपुर राजेश पांडेय ने मौके पर पहुंच कर आक्रोशित परिजनों को समझा कर शांत कराया। पुलिस ने आरोपी गार्ड से पूछताछ कर रही है। जानकारी के अनुसार कल्याणपुर से मकड़ीखेड़ा बालाजीपुरम झोपड़-पट्टी निवासी चेतन (18) इंद्रानगर स्थित रतन आर्बिट (अपार्टमेंट) के पास अंडे का ठेला लगाता था। शुक्रवार रात अपार्टमेंट के एक फ्लैट में जन्मदिन की पार्टी चल रही थी। रात में अपार्टमेंट के गेट के बाहर कुछ बच्चे पटाखे छुड़ाकर जन्म दिन की खुर्शियां मना रहे थे।

अपार्टमेंट में रहने वाले एक व्यक्ति ने चेतन को फोन करके अंडे मंगाए। चेतन अंडे लेकर अपार्टमेंट के भीतर जा रहा था, तभी बिठूर कस्बा निवासी गार्ड विजय कुमार ने उसे रोक लिया। कहा कि बिना अनुमति के तुम अंदर नहीं जाओगे। इसी बात पर दोनों में विवाद हो गया। आरोपी विजय ने बताया कि झगड़ा बढ़ने पर चेतन की तरफ से कई युवक आ गए। उन लोगों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। बंदूक छीनने की कोशिश की।

हमलावरों को डराने के लिए उसने फायर कर दिया। इस पर एक गोली चेतन को जा लगी। इससे वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर गया। अन्य हमलावर भाग निकले। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग जुट गए और उसे दबोच लिया। कुछ लोग घायल को हैलट ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

एक चश्मदीद के मुताबिक जन्मदिन की पार्टी में आए कुछ लड़के गेट पर पटाखे छुड़ा रहे। उसी दौरान कुछ बाहरी युवक भी वहां पहुंच गए। गार्ड ने उन लोगों को गेट के सामने से हटाया, तो विवाद हो गया। इसी दौरान चेतन भी अंडे लेकर अपार्टमेंट के भीतर जाने लगा, तो उसका भी गार्ड से झगड़ा हो गया और कुछ युवकों ने गार्ड की पिटाई कर दी। इस पर गार्ड ने गोली चला दी। थानाप्रभारी के मुताबिक आरोपी गार्ड को वारदात में प्रयुक्त बन्‍दूक के साथ पकड़ा गया है। चेतन के परिजनों की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।