Breaking News

बारावफात जुलूस में भिड़े दो समुदाय, पुलिस ने सूझबूझ से सम्‍भाले हालात

कानपुर 21 नवम्‍बर 2018. शहर के कल्याणपुर थाना क्षेत्र में आज दो समुदायों के बीच लोडर निकलने को लेकर जोरदार झड़प हो गयी। मामला बढ़ने की जानकारी मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। क्षेत्र में विवाद की स्थिति को बड़ी सूझ बूझ से कानपुर पुलिस ने सम्भाला वरना कोई बड़ी घटना हो सकती थी।


जानकारी के अनुसार किसी अप्रिय घटना से बचने के लिये IG रेंज आलोक सिंह बारावफात के जुलूस की मॉनिटरिंग स्‍वयं कर रहे हैं। आज की घटना कल्याणपुर थाना क्षेत्र के सैय्यद नगर की है, यहां जुलूस का लोडर निकालने को लेकर दो समुदाय आपस में भिड़ गए। मामला बढ़ता देख भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर तैनात रहा। 

प्रत्‍यक्षदर्शियों के अनुसार घटना स्थल पर पहुंचे कल्याणपुर सीअो ने लोगों को समझाने व मामला शांत कराने का प्रयास किया, पर लोगों ने पथराव शुरू कर दिया। मजबूरन पुलिस को लाठी पटक कर लोगों को शान्‍त करना पड़ा। सूत्रों के अनुसार इस घटना में लगभग आधा दर्जन लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार भी किया है।