Breaking News

नई सड़क पर गोलियों का शिकार हुआ 50 हजार का इनामी 'रईस बनारसी'

वाराणसी 14 सितम्‍बर 2018 (सूरज वर्मा). बनारस में शुक्रवार को दो लोगों की गोली मार कर हत्या कर दी गई। पुलिस ने जब मृतकों के बारे में पड़ताल की तो मरने वालों में एक 50 हजार इनामी बदमाश रईस बनारसी था। कई जिलों में आतंक का पर्याय रहा रईस बनारसी आखिर दशाश्वमेध थाना क्षेत्र के लंगड़ा हाफ़िज़ मस्जिद के पास अज्ञात हत्‍यारे की गोली का शिकार हो गया।

जानकारी के अनुसार रईस बनारसी के ऊपर उत्तर प्रदेश पुलिस ने 50 हज़ार का इनाम घोषित कर रखा है। देर शाम गोलियों से घायल हुआ रईस नई सड़क क्षेत्र की प्रसिद्द मस्जिद लंगड़े हाफ़िज़ में लहूलुहान होकर घुसा था। जिसे मस्जिद के लोगों और स्थानीय नागरिकों ने तुरंत कबीरचौरा अस्पताल पहुंचाया जहां उसकी इलाज के दौरान मौत हो गयी।

बताते चलें कि शुक्रवार की देर शाम दशाश्वमेध थानाक्षेत्र के लंगड़ा हाफिज मस्जिद के पास दो गैंगों के बीच चली गोली से भगदड़ का माहौल बन गया था। गोली की आवाज़ से लोग इधर उधर भागने लगे। वहीं रईस बनारसी खून से लहुलुहान होकर लंगड़े हाफ़िज़ मस्जिद में घुस गया और फर्श पर गिर गया। तुरंत स्थानीय लोगों ने उसे कबीर चौरा अस्पताल पहुंचाया जहां इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गयी। सूचनाओं के आधार पर अब ये पुख्‍ता है कि मरने वाला शख्स अपराध की दुनिया में मज़बूती से आगे बढ़ रहा रईस बनारसी ही है।

गौरतलब है कि अपराध का पर्याय रईस बनारसी कानपुर में चर्चित शानू ओलंगा समेत आधा दर्जन से ज्यादा हत्याओं में शामिल था। प्रदेश की पुलिस के लिए सिरदर्द बना यूपी का चर्चित बदमाश रईस सिद्दीकी उर्फ रईस बनारसी बीते दिनों बनारस की जिला जेल से बरेली शिफ्ट करते वक्त रास्ते में पुलिस वैन से कूदकर भाग निकला था। वहीं दूसरी तरफ दशाश्वमेध थाना अंतर्गत बंगाली टोला क्षेत्र के पातालेश्वर निवासी राकेश अग्रहरि (32) की उसके घर के सामने तीन राउंड फायरिंग कर हत्या कर दी गई।

सूत्रों के अनुसार राकेश एक साल पहले अपनी सौतेली मां मीरा की गोली मार कर हत्या के प्रयास के चलते सुर्खियों में आया था। पुलिस शहर में हुईं दो हत्याओं को एक ही मामले से जोड़कर जांच पड़ताल में जुट गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शहर आगमन की तैयारी में जुटे पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को दोनों वारदातों की जानकारी हुई तो हड़कंप मच गया। पुलिस अभी तक हत्यारों का सुराग नहीं लगा सकी है। दिनदहाड़े गोली मार की गई दो हत्याओं ने जिले में सनसनी का माहौल बना दिया है।