Breaking News

पनकी रतनपुर कालोनी में संदिग्ध परिस्थितियों में महिला ने लगायी फांसी

कानपुर 13 जुलाई 2018 (महेश प्रताप सिंह/अनुज तिवारी). पनकी थाना क्षेत्र स्थित रतनपुर कालोनी में आज संदिग्ध परिस्थितियों में एक महिला ने फांसी लगा ली। डायल 100 पर दी सूचना पर पनकी पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल की। पनकी थानाध्यक्ष ललित मणि त्रिपाठी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्यवाही की जायेगी।


जानकारी के अनुसार पनकी रतनपुर कालोनी निवासी सुप्रिया ओंंकार पत्नी अनुग्रह ओंकार ने शुक्रवार को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिवार में सास सुनीता, ससुर राजेन्द्र ओंकार और दो साल का बच्चा ऐलन है। पति प्राइवेट नौकरी करता है। सास सुनीता ओंकार ने बताया कि सुबह लड़का काम पर चला गया था। घर पर बहु सुप्रिया को छोड़कर वो सब्जी मंडी गयी थी। वापिस लौट कर आई तो देखा कि सुप्रिया का कमरा अंदर से बंद था। खिड़की से देखा तो उसके होश उड़ गये। सुप्रिया का शव फांसी के फंदे के सहारे लटक रहा था।

सास की चीख-पुकार सुन कर आसपास के लोग आ गये। पड़ोसियों ने घटना की सूचना लडके को दी। मौके पर पहुंच कर अनुग्रह ने अपनी पत्नी को फांसी पर लटका देखकर डायल 100 पर सूचना दी। सूचना पर पनकी थानाध्यक्ष शेष नारायण पाण्डेय पहुंचे। मामला संदिग्ध पाने पर फोरेंसिक टीम को बुलाया गया। फोरेंसिक टीम के जांच पड़ताल के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया। पनकी थानाध्यक्ष शेष नारायण पाण्डेय ने बताया फोरेंसिक टीम की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्यवाही की जायेगी।