Breaking News

पनकी में प्रारम्‍भ हुआ संस्कृत प्रशिक्षण शिविर - संस्कृत दीपालय:

कानपुर 06 जुलाई 2018 (महेश प्रताप सिंह). गुरुवार को पनकी के पाटनी पार्क में भाषा विभाग उत्तर प्रदेश शासन के आदेशानुसार उत्तर प्रदेश संस्कृत संस्थान लखनऊ द्वारा संचालित सरल-संस्कृत-सम्भाषण प्रशिक्षण केन्द्र संस्कृत दीपालय: का उदघाटन हुआ।


कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महेश चन्द्र शर्मा (सेवानिवृत्त एयर फोर्स पदाधिकारी) ने कहा कि संस्कृत समस्त भाषाओं की जननी है, हमें इस भाषा का सम्मान करना चाहिए। विशिष्ट अतिथि राम विलास ठाकुर (सेवानिवृत्त भारत सरकार रक्षा मंत्रालय कर्मचारी) ने कहा कि संस्कृत भाषा का संरक्षण बहुत आवश्यक है। हमारे समस्त धर्म ग्रंथ संस्कृत भाषा में ही हैं। यदि इसे पढ़ना है तो संस्कृत सम्भाषण अत्यन्त आवश्यक है। इस संस्कृत सम्भाषण शिविर के आयोजन से देववाणी का भविष्य उज्जवल हो सकता है। अध्यक्ष विजेन्द्र सिंह चौहान ने कहा कि उत्तर प्रदेश संस्कृत संस्थान एवं उत्तर प्रदेश सरकार का यह कार्य सराहनीय है।

कार्यक्रम की संयोजिका एवं संचालिका डा0 संध्या ठाकुर (प्रवक्ता) ने कहा कि संस्कृत भाषा संस्कारों की भाषा है। यह दस दिवसीय शिविर है। यहां प्रतिदिन सुबह सात बजे से नौ बजे तक निशुल्क संस्कृत बोलना सिखाया जायेगा। इस मौके पर पूजा, प्रकाश चन्द्र वर्मा, कृष्ण दुबे, राजेन्द्र दुबे, राम आधार पटेल, टी.एन अवस्थी, रामाकांत मिश्रा आदि लोग उपस्थित थे।