Breaking News

कल्याणपुर उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने डीएम को दिया ज्ञापन

कानपुर 28 जुलाई 2018 (महेश प्रताप सिंह). कल्याणपुर उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों के एक प्रतिनि‍धि मंडल ने शुक्रवार को जिलाधिकारी से भेंट की और कल्याणपुर स्थित बाबा सोमनाथ मन्दिर के तालाब तथा मंदिर को रास्ता दिए जाने के सम्बन्ध में एक ज्ञापन सौंपा।

प्रतिनिधि मंडल का नेतृत्व करते हुए कानपुर ग्रामीण उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष संदीप पाण्डेय ने कहा कि वर्तमान समय में बाबा सोमनाथ मंदिर जो कि भक्तों की आस्था का प्रतीक है, सरकार की उदासीनता के चलते जीर्ण शीर्ण अवस्था को प्राप्त होता जा रहा है। मंदिर जर्जर हालत में है, लोग मन्दिर में दर्शन करने जाने से डरने लगे हैं। लोगों ने मंदिर के रास्ते पर कब्ज़ा कर मार्ग को गायब कर दिया है। सैकड़ों अवैध कब्जे हो चुके हैं। मंदिर के तालाब की हालत बेहद भयावह है। आधे से अधिक तालाब को पाट कर मकान खड़े कर दिए गए हैं। लोगों द्वारा गलत विचार धारा के तहत कूड़ा डाल कर तालाब को पाटने का प्रयास जारी है। तालाब में कई फिट ऊंची खर पतवार खड़ी हो गयी है जिससे भ्रमित हो कर जानवर उसमे घुस कर मर जाते हैं। तालाब की बदबू से पूरा क्षेत्र परेशान रहता है। लोगों में बीमारियों की समस्या उत्पन हो रही है बच्चे बीमार हो जाते हैं। 



यदि तालाब की सफाई एवं सुन्दरीकरण कर दिया जाये तो क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। मंदिर में श्रद्धालुओं के आने से लोगों को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे। अध्यक्ष मनोज कलवानी ने कहा कि तालाब की सफाई के लिए जिलाधिकारी से वार्ता की गयी है। यदि जल्द ही कार्य न हुआ तो व्यापार मंडल का एक प्रतिनधि मंडल उत्तर प्रदेश के मुख्यमन्त्री से मिल कर अपनी बात उन तक पंहुचा कर कार्य को कराया जायेगा। प्रतिनिधि मंडल में प्रमुख रूप से उपाध्यक्ष लकी वर्मा, रवि द्विवेदी, नीरज सिंह राजावत, रविन्द्र शुक्ला,  प्रशांत मौर्य, जितेंद्र सिंह (नीटू), घनश्याम मिश्रा, राजू द्विवेदी,  अमित त्रिवेदी अादि लोग उपस्थित थे।