Breaking News

एक साथ 60 नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण, प्रशासन ने जारी की लिस्ट

छत्तीसगढ़ 27 अप्रैल 2018 (जावेद अख्तर). नारायणपुर जिले की एक खबर ने गुरूवार को सबको चौंका दिया क्योंकि एक साथ एक बार में साठ नक्सलियों ने आत्मसमर्पण कर दिया है। खबर मिलते ही लोग आश्चर्यचकित रह गये। अबूझमाड़ इलाके के 60 नक्सलियों ने बस्तर आईजी विवेकानंद सिन्हा के सामने आत्मसमर्पण किया है। जिसमें 40 युवक और 20 युवतियां शामिल हैं।

उक्त जानकारी के लिए बकायदा सूची प्रशासन द्वारा जारी की गई है। वहीं आज तक में पहली बार इतनी बड़ी संख्या में नक्सलियों द्वारा आत्मसमर्पण किया गया है। नक्सलियों ने 7 भरमार बन्दूक के साथ समर्पण करने के लिए आईजी विवेकानंद सिन्हा के उपस्थित हुए। आत्मसमर्पण के बाद उन्होंने अपनी तरफ से बयान जारी किया है कि हम सभी अपने (नक्सलियों) लोगों की रणनीति से तंग आ गये थे, इसीलिए हम सभी ने अपनी स्वेच्छा और सहमति से मिलकर आत्मसमर्पण करने का निर्णय लिए हैं। हमें विश्वास था कि हमें एक मौका जरूर दिया जाएगा। हम सभी आभार व्यक्त करते हैं।
 
आईजी ने स्वीकारा आत्मसमर्पण -
बस्तर आईजी विवेकानंद सिन्हा ने इसे शासन प्रशासन की उन्मूलन योजनाओं और सुरक्षा बलों के साहस को श्रेय देते हुए कहा कि ये हमारी बहुत बड़ी जीत है। पथ से भटके लोगों को हम विश्वास दिला सके, यही लोकतंत्र की जीत है।  सभी नक्सलियों का आत्मसमर्पण स्वीकार कर समाज की मुख्यधारा में शामिल होने के लिए बधाई एवं प्रमाण पत्र भी दिया। उन्होंने बताया कि इन सभी को शासन की राहत एवम पुनर्वास नीति का लाभ मिलेगा।