Breaking News

आपसी भाईचारे संग मनाएं होली - जिलाधिकारी

कानपुर 28 फरवरी 2018 (पप्‍पू यादव). होली त्योहार को देखते हुए शांति व्यवस्था कायम रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी सुरेन्‍द्र सिंह ने आज रंगों के त्योहार होली को आपसी भाईचारे के साथ मनाने की आम जनता से अपील की, वहीं इस मौके पर कोई भी नई परंपरा की शुरुआत नहीं करने के सख्त निर्देश भी दिए। 


जिलाधिकारी ने सभी थानाध्यक्षों को निर्देश दिए कि विवादित जगहों पर भ्रमण कर लें। इस बात पर विशेष जोर दिया कि कोई नई या विवादित जगह पर होलिका दहन नहीं होगा। होली के दिन पानी, बिजली, साफ-सफाई सहित अन्य जरूरी व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। होली के दिन शरारती तत्वों पर विशेष निगरानी रखने को कहा। 

जिलाधिकारी ने कहा कि ऐसा कोई कार्य नहीं होना चाहिए जिससे शांति भंग की संभावना पैदा हो। आज हुयी बैठक में सबसे पहले जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने सभी थानाध्यक्षों से फीडबैक लिया। पिछले पांच साल तक होली पर हुए छोटे-बड़े मामलों की जानकारी ली। कहा कि विवादित जगहों पर एसओ जाकर देख लें, जहां बड़ा विवाद हो वहां सीओ जाएं। किसी भी हालत में आपसी रंजिश का असर होली के दिन नहीं दिखना चाहिए। जिलाधिकारी ने आबकारी अधिकारी को निर्देश दिए कि होली के दिन शराबबंदी पूरे दिन रहेगी। गांवों में साफ-सफाई के लिए डीपीआरओ को, जबकि शहरी क्षेत्रों के लिए अधिशासी अभियंता को निर्देशित किया गया।