Breaking News

कानपुर - भाजपा पार्षद ने लगाया जल संस्‍थान अधिकारियों पर अभद्रता करने का अारोप

कानपुर 23 फरवरी 2018 (विशाल तिवारी/शीलू शुक्ला). नगर निगम एवं जल संस्थान के अधिकारियों और कर्मचारियों के लापरवाह रवैये के चलते इन दिनों बाबू पुरवा वार्ड 80 के लोगों को सीवर की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। यहां नगर निगम के अधिकारी व कर्मचारी अपनी लापरवाह प्रवृत्ति के चलते स्वच्छता अभियान की धज्जियां उड़ा रहे हैं। यही नहीं अधिकारियों ने आज शिकायत करने गये पार्षद के साथ बदतमीजी कर दी।

स्‍थानीय जनता नगर निगम के अधिकारि‍यों व कर्मचारि‍यों के रवैये से त्रस्‍त है। क्षेत्रीय जनता का कहना है की नगर निगम एवं जल संस्‍थान में कई बार शिकायत करने के बावजूद अभी तक सफाई नहीं हुयी है। नाले व सीवर ओवरफ्लो हो कर रोड पर गंदगी बह रही है। आज जनता अपने क्षेत्रीय पार्षद हरिशंकर गुप्ता को लेकर जब जल संस्थान शिकायत करने पहुँची तो जोन 3 के अधिकारियों ने जनता की समस्या को दरकिनार कर पार्षद और जनता के साथ बदतमीजी शुरू कर दी।

खास बात तो ये है कि जिन पार्षद महोदय से अधिकारियों ने बदतमीजी करी उनकी पार्टी आज कल सत्ता में है जब उनसे मौजूदा भाजपा सरकार में इस तरह का व्यवहार किया जा रहा है। इससे एक बात तो तय है कि सपा सरकार चली गयी लेकिन कानपुर के कुछ अधिकारियों पर से अभी भी समाजवादी पार्टी का हैंगओवर उतरने का नाम नहीं ले रहा है।