Breaking News

भूमि विवादों के निस्तारण हेतु 5 जनवरी से चलेगा अभियान

शाहजहाँपुर 04 जनवरी 2018. जिलाधिकारी अमृत त्रिपाठी ने आज यहां बताया कि जनपद में भूमि विवादों के निस्तारण हेतु 05 जनवरी 2018 से अभियान चलाया जायेगा।  जिलाधिकारी ने कहा कि भूमि विवादों के निस्तारण हेतु जनपद में तहसीलवार, थानावार अधिकारियों, कर्मचारियों की टीमें गठित कर ली गयी हैं। प्रत्येक टीम में कुल 10 सदस्य होंगे जिसमें 04 लेखपाल, 04 कांस्टेबल के अतिरिक्त एक राजस्व एवं एक पुलिस अधिकारी होगा। 


भूमि विवाद सम्बन्धी ग्रामों को सम्बन्धित उप जिलाधिकारी द्वारा चिन्हित कर लिया गया है। अभी माह जनवरी, 2018 का कार्यक्रम तैयार कर लिया गया है। टीम में जिन अधिकारियों की ड्यूटी लगायी गयी है। उनको भूमि विवाद के निस्तारण हेतु 04 जनवरी 2018 को समय 11 बजे से गाँधी भवन प्रेक्षागृह, टाउन हॉल में विशेष प्रशिक्षण दिया जायेगा। जिसमें जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में भूमि विवाद के निस्तारण हेतु गठित समस्त टीमें सम्बन्धित थाना मुख्यालय से रवाना होंगी। यदि टीम के भ्रमण के दौरान सम्बन्धित ग्राम में उसी दिन समस्त समस्याओं का निस्तारण नहीं होता है। तो टीम द्वारा अगले दिन ग्राम में जाकर समस्या का निस्तारण करेगी। भ्रमण के दौरान यदि ऐसा भूमि विवाद प्रकाश में आता है तो आई.जी.आर.एस. पोर्टल पर सूचीबद्ध नहीं है तो उसका भी मौके पर निस्तारण टीम द्वारा किया जायेगा। तथा वापसी में कृतकार्यवाही की आख्या आई.जी.आर.एस. पोर्टल पर दर्ज की जायेगी। 

टीम द्वारा यह कोशिश की जायेगी कि ग्राम में कोई भूमि विवाद निस्तारण हेतु अवशेष न रहे। सम्बन्धित उप जिला मजिस्ट्रेट एवं पुलिस क्षेत्राधिकारी संयुक्त रूप से सम्बन्धित ग्राम भूमि विवाद रहित होने का प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करेंगे। टीम की रवानगी का विवरण सम्बन्धित थाने की जी.डी में दर्ज किया जायेगा। नियत तिथियों पर जिलाधिकारी द्वारा पुलिस अधीक्षक के साथ, अपर जिला मजिस्ट्रेट (प्रशासन) द्वारा पुलिस अधीक्षक नगर के साथ एवं अपर जिला मजिस्ट्रेट (वि./रा.) द्वारा पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के साथ भ्रमण किया जायेगा। सम्बन्धित उप जिला मजिस्ट्रेट एवं पुलिस क्षेत्राधिकारी द्वारा संयुक्त रूप से अभियान दिवस पर कार्य कर रही समस्त टीमों का एक बार निरीक्षण किया जायेगा। 

टीम द्वारा अभियान दिवस को कार्यवाही पूर्ण करने के उपरान्त कृतकार्यवाही का विवरण आई.जी.आर.एस. पोर्टल पर अंकित किया जायेगा। सम्बन्धित उप जिला मजिस्ट्रेट द्वारा प्रत्येक माह की 03 तारीख तथा कृतकार्यवाही की सूचना निर्धारित प्रारूप पर अनिवार्य रूप से जिला मुख्यालय पर उपलब्ध करायी जायेगी। उक्त अभियान दिनांक 31 मार्च, 2018 तक चलाया जाना है। उक्त कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार सम्बन्धित थाना प्रभारी एवं तहसीलदार द्वारा कराया जायेगा। जिलाधिकारी ने कहा कि अभियान को गम्भीरता से चलाया जाये। यदि कोई शिथिलता किसी स्तर पर परिलक्षित होती है तो सम्बन्धित के विरूद्ध कठोर कार्यवाही की जायेगी।