Breaking News

कानपुर - सचेंडी थाना क्षेत्र में जहरीली शराब पीने से अधेड़ की हुई मौत

कानपुर 29 जनवरी 2018 (महेश प्रताप सिंह एवं अनुज तिवारी). सचेंडी थाना क्षेत्र अंतर्गत भीमसेन चौकी से कुछ दूरी पर बंबा के किनारे खेत में रविवार को एक अधेड़ का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। क्षेत्रीय लोगों ने घटना की सूचना डायल 100 पर दी। सूचना पर पहुंचे भीमसेन चौकी इंचार्ज और सचेंडी थानाध्यक्ष ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।


जानकारी के अनुसार मृतक का नाम राम सिंह (45 ) निवासी भगवंतपुर थाना सचेंडी का रहने वाला था। वह 25 तारीख से घर से लापता था। मृतक के घरवालों ने 25 तारीख को भीमसेन चौकी में रिपोर्ट लिखवाने गये थे। लेकिन चौकी इंचार्ज ने उनकी रिपोर्ट नहीं लिखी। घरवालों का कहना है कि पुलिस की लापरवाही के चलते राम सिंह की मौत हुई है। 

गांव के लोगों का क्या है कहना -
गांव में रहने वाले लोगों का कहना है कि भीमसेन चौकी इंचार्ज को कई बार सूचना दी गयी कि यहां पर नकली शराब बनाई जा रही है और शराब बनाने वाली महिला का नाम गुड्डी देवी है। यह महिला काफी दिनों से गांव में नकली शराब बना रही है। कई युवक यह शराब पीकर बीमार हो चुके हैं। इसकी सूचना चौकी इंचार्ज को दी गयी थी। उसके बावजूद भी उन्होंने कोई कार्यवाही नहीं की।

जब भी आते हैं तो खेत में काम करने वाले किसानों को परेशान करते हैं और उनसे 200 - 500 रुपये ले जाते हैं। लेकिन नकली शराब बनाने वालों को नहीं पकड़ते हैं क्योंकि उनसे हर महीने हफ्ता लिया जाता है। इसीलिए उस महिला के ऊपर अभी तक कोई कार्यवाही नहीं की गयी। आज सुबह राम सिंह का शव बंबा के किनारे खेतों में पड़ा हुआ था। गांव वालों का मानना है कि जहरीली शराब पीने से राम सिंह की मौत हुई है। सूचना पर पहुंचे सचेंडी थानाध्यक्ष ने शव का पंचनामा करके पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्यवाही की जायेगी।