Breaking News

12 वर्षीय किशोर की हुयी गला काट कर हत्या

शाहजहाँपुर 26 दिसम्‍बर 2017. जिले के मदनापुर इलाके के गांव करौंदा में घर में सो रहे 12 वर्षीय किशोर की बीती रात गला काट कर हत्या कर दी गई। पुलिस अधीक्षक ने आज घटना स्थल का मौका मुआयना किया। घटना का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और जांच शुरू कर दी है। 


जानकारी के अनुसार ग्राम करौंदा निवासी राजेन्द्र सिंह पीडब्लूड़ी विभाग में कर्मी है। वह शाहजहाँपुर में ड्यूटी करते हैं घर पर उनकी पत्नी रामरती तथा तीसरे नम्बर का 12 वर्षीय पुत्र देवेश रहता है, बाकी के तीन पुत्र बाहर रहते है। 

आज सुबह करीब 6 बजे उनकी पत्नी शौच के लिए गई हुई थी। उनका 12 वर्षीय पुत्र देवेश घर के बरामदे में सो रहा था। तभी किसी ने उसका सोते समय ही गला काट दिया। गला कटने पर वह चीखकर बाहर निकल कर भागा और घर के दरवाजे पर गिर गया। शौच से जब उसकी मां वापस आई तो उन्होंने अपने लड़के का शव बाहर पड़ा देखकर शोर मचाया। शोरगुल सुनकर गांव वाले इकठ्ठे हो गए। पुलिस को सूचना दे दी गई। पुलिस अधीक्षक के.वी सिंह तथा एसपी सिटी ने घटना स्थला का मौका मुआयना करने के बाद परिजनों से पूछताछ की। घटना का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और जांच शुरू कर दी है।