Breaking News

बेखौफ बदमाशों ने पुलिस के सामने ई रिक्शा चालक को गोली मारी

कानपुर 02 अक्‍टूबर 2017 (सूरज वर्मा एवं विशाल तिवारी). कानपुर में इस समय दबंगों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि उनको अब पुलिस का भी डर नहीं है. यह बात आज उस समय सच साबित हो गयी जब थाना काकादेव की चौकी शास्त्रीनगर अंतर्गत डबल पुलिया चौराहे पर  दिनदहाड़े बाइक सवार दो बदमाशों ने एक ई रिक्शा चालक पर पुलिस की मौजूदगी में तीन राउंड फायर झोंक दिये.


जानकारी के अनुसार आज लगभग 2 बजे ग्रे कलर की अपाचे बाइक में सवार दो बदमाशों ने ई रिक्शा चालक राम अवतार पर रिवाल्वर से तीन राउंड फायर झोंक दिये. सूत्रों के अनुसार डबल पुलिया चौराहे पर उस समय पुलिस बल मौजूद था, फिर भी गोली चलती देख पुलिस वालों ने अपना मुँह मोड़ लिया। जिसकी वजह से दबंगों के हौसले और बुलंद हुए और गोली मारने के बाद दोनों आरोपी खुलेआम रिवाल्वर लहराते हुए आराम से फरार हो गए और पुलिस तमाशबीन बनी रही.

घटना की जानकारी होते ही मौके पर एसपी अनुराग आर्या, सीओ कल्याणपुर रजनीश वर्मा, एस.ओ कल्याणपुर वीरेंद्र प्रताप सिंह भारी पुलिस बल के साथ पहुँचे और मामले की जांच प्रारम्‍भ कर दी। दिन दहाड़े गोली चलने की घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है।