Breaking News

डीएम विजय किरण आनंद के ट्रांसफर का विरोध करना पडा ग्रामीणों को भारी

अल्हागंज 28 सितम्बर 2017. अपनी सख्त प्रशासन प्रणाली तथा ईमानदारी के लिए चर्चित रहे शाहजहाँपुर जिले के डीएम विजय किरण आनंद के ट्रांसफर का विरोध करना क्षेत्र के ग्रामीणों के लिए मुसीबत का सबब बन गया है। गत वर्ष मई माह में क्षेत्र के हुल्लापुर चौराहे पर उनके समर्थन में किये गए विरोध प्रदर्शन में शामिल 22 लोगों पर गम्भीर धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया गया था। जिनके अब आ रहे सम्मन लोगों की नींद हराम किये हुए हैं। 

प्राप्त जानकारी के अनुसार गत वर्ष मार्च माह में विजय किरण आनंद ने जिलाधिकारी शाहजहाँपुर के रुप में कार्यभार गृहण किया था। उस दौरान प्रदेश में सपा की सरकार थी। डीएम विजय किरण आनंद ने कई विभागों के कार्यालयों में छापेमारी कर भ्रष्ट अधिकारियों की जडें हि‍ला दीं थीं। उनके द्वारा भ्रष्टाचार की जडों पर किये गए प्रहार से सत्ताधारी नेताओं की भी नींदे हराम हो गयी थीं। परेशान नेताओं ने प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के दरबार में उनको जिले से हटाने की गुहार लगाई थी। इसमें जिले के कई प्रमुख नेताओं का नाम भी सुर्खियों में रहा था।

आखिर उनकी कोशिशें रंग लाई और डीएम  विजय किरण आनंद का ट्रांसफर वाराणसी के लिए हो गया। जिसके विरोध में पूरे जिले में प्रदर्शन हुए, चक्का जाम भी हुआ था। इसी क्रम में क्षेत्र के हुल्लापुर चौराहा पर भी चक्का जाम किया गया था। जिसमें पुलिस ने 22 लोगों को नामजद करते हुए धारा 147, 148, 341, 353, 504, 506 के तहत कार्यवाही की थी। जिसके क्रम में अब सिविल जज जूनियर डिवीजन  कोर्ट से सम्मन जारी हुए हैं। पुलिस द्वारा नामजद किए गए हुल्लापुर, वैलाखेडा, रामनगर, मऊशाहजहाँपुर, रघुनाथपुर, रावतपुर, अल्हागंज के लोगों का आरोप है कि पुलिस ने मनमाने ढंग से सूचीबद्ध करते हुए दंडात्मक कार्यवाही की है।