Breaking News

मोदी सरकार की आर्थिक नीतियों की आलोचना तथ्यों पर आधारित नहीं - जयंत

नयी दिल्ली 28 सितंबर (वार्ता). मोदी सरकार की आर्थिक नीतियों की भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता यशवंत सिन्हा द्वारा की गयी कड़ी आलोचना का जवाब देने के लिए सरकार ने आज उनके पुत्र एवं नागरिक उड्डयन राज्यमंत्री जयंत सिन्हा को उतारा, जिन्होंने कहा कि संरचनात्मक सुधारों के दीर्घकालिक प्रभावाें का एक या दो तिमाही की सकल घरेलू उत्पाद(जीडीपी) वृद्धि दर और दूसरे आर्थिक आंकड़ों के आधार पर आकलन करना पर्याप्त नहीं है। 


पूर्व केन्द्रीय वित्त मंत्री यशवंत सिन्हा ने कल एक अंग्रेजी दैनिक में लिखे लेख में सरकार की आर्थिक नीतियों विशेषकर नोटबंदी और वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) की कड़ी आलोचना करते हुये कहा था कि अर्थव्यवस्था का बेड़ागर्क हो गया है। इसके जवाब में श्री जयंत सिन्हा ने आज एक अन्य अंग्रेजी दैनिक में लिखे लेख में सरकार की नीतियों को नये भारत के लिए नयी अर्थव्यवस्था का निर्माण करने वाला बताते हुये कहा कि संरचनात्मक सुधारों की न सिर्फ जरूरत है बल्कि नये भारत के निर्माण और करोड़ों लोगों को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए भी ये आवश्यक हैें।