Breaking News

प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में देश विकास के पथ पर अग्रसर

अल्हागंज 14 सितम्बर 2017 (अमित वाजपेयी). प्रदेश के शहरी आवास विकास मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने आज यहां कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश अब विकास के पथ पर अग्रसर हो चुका है। इस कार्य में किसी भी बाधा को स्वीकार नहीं किया जा सकता। वर्तमान में देश के 18 राज्यों में भाजपा की सरकारें हैं। अब उडीसा में भी  भाजपा की सरकार बनने वाली है।


बुधवार की रात के साढ़े दस बजे भाजपा नेता संतोष गुप्ता की हरी काम्पलेक्स में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए शहरी आवास विकास मंत्री बोले कि पूर्व में कमजोर सरकार की वजह से देश व प्रदेश की साख़ को काफी बट्टा लगा था। लेकिन देश व प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के बाद कालेधन, भ्रष्टाचार तथा महंगाई पर अंकुश लगा है। खाद तथा बीज की कीमतें काफी कम हुई है। और इनका देश में कोई संकट नहीं है। डीज़ल तथा बिजली भी  सुलभ है। 

चीन तथा पाकिस्तान की उदंडता पर अंकुश लगा है। चाहे डोक़लाम विवाद रहा हो अथवा पाकिस्तान का आतंकवाद इसमें देश शक्तिशाली बनकर उभरा है। अमरीका जापान रुस उन्नत हथियारों की तकनीक के साथ-साथ उनको विकसित करने के समझौते कर रहे हैं। अभी जापान के साथ बुलेट ट्रेन सहित काफी बड़े समझौते हुए है।  सत्ता में आने के बाद प्रदेश की योगी सरकार ने 36 हजार करोड़ के किसानों के फसली ऋण माफ किए हैं  तथा  वेतन आयोग की सिफ़ारिश पर कर्मचारियों के वेतन में वृद्धि  की गई है। जिससे 30 हजार करोड़ का वित्तीय बोझ बडा है। केन्द्र व प्रदेश की सरकारों ने अपने पराक्रम के बल पर एक सौ से ज्यादा विकास योजनाए शुरू की है। जिसमें प्रधानमंत्री आवास योजना, मुद्रा योजनाए भी प्रमुख हैं। वर्तमान में देश के 18 राज्यों में भाजपा की सरकारें हैं। अब उडीसा में भी  भाजपा की सरकार बनने वाली है।

मंत्री जी के ऊपर काम का है बोझ -
केबिनेट मंत्री श्री सुरेश खन्ना अपनी बेबसी को कार्यकर्ताओं के समक्ष रखते हुए बोले कि प्रदेश के साथ-साथ जिले के विकास के लिए बराबर प्रयत्नशील हैं। लेकिन काम की अधिकता की वजह से सबसे मिलना सम्भव नहीं हो पाता। समस्याओं से सम्बन्धित प्रतिदिन औसतन 350 टेलीफोन काॅलें तथा 400 शिकायतपत्र उन्हें पूरे प्रदेश से आते हैं। जिन पर वो स्वयं ध्यान देकर समस्याओं का समाधान कराते हैं। ये कार्य किसी कर्मचारी पर नहीं छोडा जा सकता।

स्वर्गीय विनोद तथा प्रयाग नरायण गुप्ता को किया याद -
श्री खन्ना ने स्थानीय निवासी भाजयुमो के जिला अध्यक्ष स्वर्गीय विनोद कुमार गुप्ता  को अपना छोटा भाई तथा दोस्त और पूर्व चेयरमैन स्वर्गीय प्रयाग नारायण गुप्ता को अपना अभिभावक बताते हुए याद किया। दोनों महानुभावों ने भाजपा को जिले में मजबूती प्रदान की है।

सौंपा गया पाँच सूत्रीय ज्ञापन -
प्रधानमंत्री कल्याणकारी योजना के जिला प्रभारी अनिल गुप्ता तथा पूर्व मण्डल अध्यक्ष गौरव गुप्ता एंव जिला कार्यकारिणी सदस्य संतोष गुप्ता ने कृषि उत्पादन मंडी निर्माण, रोडवेज निर्माण, बिजली आपूर्ति सुधार, अल्हागंज-हुल्लापुर खस्ता हाल सड़क निर्माण तथा कुछ अकर्मण्य सपाई मानसिकता वाले पुलिस कर्मचारियों को हटाने सहित पाँच सूत्रीय ज्ञापन मंत्री श्री खन्ना को सौपा।

मंत्री श्री खन्ना तथा सवायजपुर भाजपा विधायक को पहनाया गया चांदी का मुकुट -
भाजपा नेता संतोष गुप्ता तथा गौरव गुप्ता ने केबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना तथा सवायजपुर(हरदोई) के भाजपा विधायक राघवेन्द्र सिंह उर्फ रानू को चांदी का मुकुट पहनाकर तथा प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया। इसके पूर्व विधायक श्री रानू ने प्रदेश की विकास योजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला तथा उसका लाभ आम जनता तक पहुचाने के लिए कार्यकर्ताओं से जनसंपर्क करने के लिए कहा। कार्यक्रम में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष वीरेन्द्र पाल सिंह यादव, बलवीर सिंह, गौरव प्रताप सिंह, शिवनरायण लाल शास्त्री, लक्ष्मी शरण शर्मा ने भी  संवोधित किया।