Breaking News

शाहजहांपुर - पुलिस कस्टडी से अवयस्क बालिका गायब

अल्हागंज 26 अगस्त 2017. शुक्रवार की शाम को पुलिस कस्टडी से गायब हुई अवयस्क बालिका का 24 घण्टे व्यतीत होने के बाद भी कोई सुराग नहीं लग सका है। पुलिस प्रशासन मे खलबली मची हुई है। बालिका के पिता के ऊपर पुलिस द्वारा खामोश रहने का दवाव डाला जा रहा है। लेकिन पुलिस की लापरवाही और  बेरुखी से एक  बेबस पिता के सब्र का बांध टूट गया और उसने व्यथित मन से डीआईजी तथा पुलिस अधीक्षक से फोन करके पुत्री को बरामद करने की गुहार लगाई है। 


कस्बे के मोहल्ला ब्रह्मनान निवासी पीड़ित व्यक्ति ने बताया कि दिनांक 12 अगस्त की सुबह 8 बजे उसकी पुत्री इस्लामगंज के एक विद्यालय पढने गई थी। इसी दौरान जलालाबाद निवासी देशराज ने उसे बहला फुसलाकर कर अपनी पल्सर बाईक पर बैठा लिया उसके साथ एक और बाईक थी जिस पर तीन लोग सवार थे। सभी  युवक उसकी पुत्री को लेकर फरार हो गए। स्कूल की छुट्टी होने के बाद भी  जब वो घर पर नहीं पहुंची तो उसे तलाशा गया लेकिन उसका पता नहीं लगा। 

बाद में 15 अगस्त को युवक देशराज को नामजद करते हुए धारा 363, 366 के तहत पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करा दी। बाद मे देशराज को पुलिस ने  गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया लेकिन उसकी पुत्री का कोई सुराग नहीं लगा इसी बीच उसकी पुत्री की काल उनके फोन पर आई तो उसके दिल्ली मे होने की जानकारी प्राप्त हुई धीरे-धीरे कई बार उसके फोन पर बात हुई बाद मे उसकी पुत्री दिल्ली से किसी प्रकार निकल कर फरुँखाबाद की बस पर बैठी जिसकी जानकारी उनको मिली जिसके आधार पर वो अपनी पुत्री को 25 अगस्त को फरुँखाबाद बस स्टेशन से एक टेक्सी मे लेकर सीधे थाने आए और दरोगा मोर सिंह  की कस्टडी में दे दिया। बाद में वह अपने घर चले गए। कुछ समय बाद पुलिस फोर्स ने उनके घर दबिस दी और उसकी पुत्री को घर के अंदर तलाश करने लगे। तब उनको पूरे घटनाक्रम की जानकारी प्राप्त हुई। घटना के 24 घण्टे व्यतीत होने के बाद भी उनकी पुत्री का सुराग खबर लिखने तक नहीं लगा है। 

पुत्री के पुलिस कस्टडी से गायब होने की सूचना डीआईजी तथा पुलिस अधीक्षक को दे दी गई है।  पुलिस कस्टडी से गायब हुई अवयस्क बालिका को लेकर तमाम आशंकाए व्यक्त की जा रही है। उसके गायब होने की क्या वजह हो सकती है। अथवा इसके पीछे किसका हाथ हो सकता है। इसका पर्दाफ़ाश होना जरुरी है। पुलिस प्रशासन गायब बालिका के सन्दर्भ में सटीक जानकारी नहीं दे रहा है।