Breaking News

नोएडा - पुरुषों को बंधक बना 4 महिलाओं से किया सामूहिक दुष्कर्म

नोएडा, 25 मई 2017 (IMNB). यूपी के बुलंदशहर की घटना को अभी तक लोग भुला भी नहीं पाए थे कि दिल्ली से सटे गौतमबुद्धनगर में इससे मिलती जुलती या कहें इससे भी वीभत्स चार महिलाओं से गैंगरेप की घटना सामने आई है। पुलिस एक महिला से ही गैंगरेप की बात कह रही है। लूट का विरोध करने पर एक शख्स को बदमाशों ने गोली मार दी, जिसकी मौके पर ही मौत हो गई। जान गंवाने वाले शख्स की मां, बहन, पत्नी व भाभी के साथ गैंगरेप हुआ है। 


सूचना के मुताबिक, बुधवार देर रात 1:30 बजे के करीब जेवर से बुलंदशहर जा रहे कार सवार परिवार के साथ जेवर-बुलंदशहर हाईवे पर बदमाशों ने लूटपाट की। विरोध करने पर परिवार के एक शख्स की गोली मार कर हत्या कर दी। इतना ही नहीं दरिंदगी की हद पार करते हुए पुरुषों के सामने ही परिवार की चार महिलाओं के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। यह वारदात उस समय हुई जब परिवार के सदस्य बुलंदशहर में अपने किसी बीमार रिश्तेदार को देखने जा रहे थे। बुलंदशहर जाने के दौरान गाड़ी में चार महिलाओं के अलावा चालक समित 4 पुरुष भी थे।

जानकारी के मुताबिक, पांच बदमाशों ने रास्ते में कोई ऐसा सामान डाल दिया, जिससे गाड़ी का टायर पंचर हो गया। इसके बाद लूटपाट करने के बाद बदमाशों ने चारों महिलाओं के साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया। वहीं इससे पहले लूट का विरोध करने पर एक शख्स की गोली मार कर हत्या कर दी गई। जान गंवाने वाला शख्स परिवार का मुखिया बताया जा रहा है। उधर, पुलिस महिलाओं के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना को गलत बता रही है। पुलिस पत्रकारों को पीड़ितों से मुलाकात नहीं करने दे रही। पीड़ित परिवार को कहीं छिपा दिया गया है, जिससे मीडिया में यह बात न फैले।

लूट के शिकार पीड़ितों में एक शख्स का कहना है कि पांच बदमाशों ने हमें बंधक बना लिया फिर हमें पीटा गया। इसके बाद परिवार की चार महिलाओं को अलग ले जाकर उसने दुष्कर्म किया। घटना को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) लव कुमार ने बताया कि जेवर के रहने वाले एक शख्स का रिश्तेदार बुलंदशहर में एक अस्पताल में भर्ती था। उसकी तबियत बिगड़ने पर परिवार के लोग बुधवार की रात करीब दो बजे कार में सवार होकर रिश्तेदार को देखने के लिए बुलंदशहर के लिए निकले थे। जेवर के साबौता गांव के पास आधा दर्जन बदमाशों ने उनकी कार के टायर में गोली मार दी। 

एसएसपी का मानें तो जैसे ही गाड़ी रुकी, बदमाशों ने पूरे परिवार को हथियारों के बल पर बंधक बना लिया। बदमाशों ने उनके साथ लूटपाट शुरू कर दी। परिवार ने जब लूटपाट का विरोध किया तो बदमाशों ने परिवार के मुखिया को गोली मार दी, जिससे उनकी मौत हो गई। लुटेरों ने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मारपीट कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। बताया जा रहा है कि बदमाशों ने 44 हजार रुपये नकद और महिलाओं के जेवरात लूटे हैं। पीड़ित महिलाओं का कहना है कि बदमाशों ने उनके साथ हथियारों के बल पर सामूहिक दुष्कर्म किया। पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर इस मामले की जांच कर रही है। पीड़ित महिलाओं को मेडिकल जांच के लिए नोएडा के अस्पताल लाया जा रहा है। वहीं, घटना के चलते लोगों में भारी गुस्सा है। लोगों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी भी की। इससे पहले घटना की सूचना पर जिले के एसएसपी, एसपीआरए और पूर्व कोतवाली प्रभारी अजय शर्मा मौके पर पहुंचे गये और हालात पर नजर बनाए हुए हैं। जेवर के विधायक ठाकुर धीरेंद्र सिंह भी घायल लोगों का जायजा लेने अस्पताल पहुंचे।