Breaking News

आईपीएल क्रिकेट मैच पर पुलिस के संरक्षण में खेला जा रहा है सट्टा

शाहजहांपुर 13 अप्रैल 2017 (अनिल मिश्रा). प्रदेश के मुख्यमंत्री आदित्य योगीनाथ प्रदेश में भ्रष्टाचार व भयमुक्त शासन की बात कर रहे हैं। इसके लिए उन्होंने प्रदेश पुलिस को सख्त निर्देश दिए हैं कि गुंडों, माफियाओं को पकड़ कर जेल भेजा जाए। लेकिन शाहजहाँपुर पुलिस उल्‍टा माफियाओं और सटोरियों को संरक्षण दे रही है। 


सूत्राें के अनुसार शाहजहाँपुर में पुलिस के संरक्षण में क्रिकेट मैच सट्टा जोरों से चल रहा है। शहर में क्राइम ब्रांच व पुलिस की सरपरस्ती में आईपीएल सट्टा बेरोकटोक संचालित हो रहा है। इस सट्टे में पुलिस को अच्छी रकम मिल रही है। यह सट्टा पुलिस के लिए सोने का अंडा देने वाली मुर्गी बन गया है। इस क्रिकेट सट्टा के मकड़जाल में युवा पीढ़ी फंसती ही जा रही है। वैसे तो क्रिकेट सट्टा पूरे वर्ष खेला जाता है लेकिन अप्रैल व मई माह में सबसे लोकप्रिय IPL20 क्रिकेट मैच विशेष कर सटोरियों के लिए बना है। जिसमें करोड़ों की बीट लगाई जाती है। 

शहर के कोतवाली व सदर बाजार थाना क्षेत्रों में सबसे ज्यादा क्रिकेट सट्टा खेला जाता है। सूत्रों की माने तो कोतवाली थाना क्षेत्र में सटोरियों की संख्या सबसे ज्यादा है। इस धंधे में मोबाईल फोन का इस्तेमाल होता है। और फोन पर ही भाव जानकर दांव लगाया जाता है। उसके बाद लेनदेन होता है। लेकिन कुछ दबंग सटोरियों के पैसे के लेन देन में लड़ाई झगड़े भी होते है। तथा फायरिंग आदि की भी घटनायें घटित हो जाती है। इस धंधे में शहर के कई लोग सड़क से आसमान पर पहुँच गये हैं, और शान से लग्जरी गाड़ियों में घूमते देखे जाते हैं। 

जानकारी के अनुसार इस क्रिकेट रूपी सट्टा से अब तक कई परिवार बर्बाद हो चुके हैं। जिसमें कई युवा शामिल हैं। सैकडों लोग बर्बादी की कगार पर पहुँच गये हैं। लेकिन पुलिस को इस धंधे की सम्पूर्ण जानकारी होने के बाद भी आर्थिक लाभ के कारण कार्यवाही करने से अपना मुँह मोड़ लेती है। जिससे क्रिकेट सट्टा का धंधा करने वालों के हौसले बुलंद होते जा रहे है। पुलिस तथा क्राइम ब्रांच के लिए यह धंधा सोने का अंडा देनी वाली मुर्गी साबित हो रहा है। समय रहते यह खेल अगर बन्द न किया गया तो जिले के कई परिवार बर्बादी के कगार पर खड़े दिखाई देंगे।