Breaking News

बेंगलुरु में हुई शर्मनाक घटना - CCTV में कैद हुई अकेली लड़की से छेड़छाड़ की वारदात

बेंगलुरु 04 जनवरी 2017 (IMNB). बेंगलुरु में हुई घटना का एक वीडियो सामने आया है जिसमें एक लड़की से सरेआम छेडछाड़ की तस्वीरें कैद हो गयी हैं। इनफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी का हब कहे जाने वाले बेंगलुरु में नए वर्ष के अवसर पर कई जगहों पर लड़कियों और महिलाओं के साथ छेड़छाड़ की खबरें आई थीं। अब आखिरकार तीन दिन बाद पुलिस ने बेंगलुरु में महिलाओं के साथ हुई छेड़छाड़ मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है।

पुलिस ने दावा किया है कि उनके पास मामले को लेकर कई मजबूत सबूत जुटे हैं। सबूतों के आधार पर मामले की जांच शुरू हो गई है। इसी बीच बेंगलुरु में नए साल पर हुई एक घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसके बाद एक बार फिर एक महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल खड़ा हो गया है। वीडियो में देखा जा सकता है कि अपने घर से महज कुछ ही दूरी पर जब लड़की रात में सड़क पर अकेली घर की ओर बढ़ रही थी। तब दो लड़के स्कूटर से उसके पीछे से आते हैं और आगे आकर रुक जाते हैं। लड़की को कुछ शक होता है और वह तेजी से निकलने की कोशिश करती है लेकिन स्कूटर एक शख्स उतरकर उसके आगे खड़ा हो जाता है। फिर जो हुआ वह अत्यंत ही निंदनीय है। 

उस लड़के ने लड़की से छेड़खानी के बाद जैसे उसे सड़क पर पटक दिया और फिर कोई आहट होने पर दोनों लड़के स्कूटर में भाग निकले। यह घटना रात करीब 2.30 बजे की है। ये पूरी वारदात एक घर के बाहर लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। इसी घर के मालिक ने सीसीटीवी फुटेज देखने के बाद पुलिस और मीडिया को इसकी जानकारी दी। इस वीडियो के सामने आने के बाद महिलाओं के सुरक्षित माने जाने वाले बेंगलुरु जैसे शहर में सुरक्षा व्यवस्था और कानून व्यवस्था पर सवाल उठना तो लाजमी है। बता दें कि नए साल का स्वागत करने के लिए बेंगलुरु के एमजी रोड और ब्रिगेड रोड पर हजारों लोग पहुंचे थे। इनमें बड़ी संख्या में महिलाएं और बच्चे भी थे। रिपोर्ट के मुताबिक इसी दौरान वहां भीड़ में शामिल हुड़दंगियों ने महिलाओं पर कथित रूप से भद्दे और अश्लील कमेंट करना शुरू कर दिया। कुछ महिलाओं ने आरोप लगाया कि सड़क पर उनके साथ छेड़खानी की गई। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस का कहना है कि वह आरोपियों की पहचान करने की कोशिश में जुटी है।