Breaking News

अरुणाचल - खांडू सरकार में शामिल होगी भाजपा, तामियो तागा बनेंगे मंत्री

नई दिल्ली, 14 अक्टूबर 2016 (IMNB). भाजपा ने अरुणाचल प्रदेश की पेमा खांडू सरकार में शामिल होने का निर्णय लिया है। राज्य विधानसभा में भाजपा के नेता तामियो तागा को जल्द ही खांडू कैबिनेट में जगह दी जाएगी। इसके साथ ही अरुणाचल प्रदेश ऐसा 14वां राज्य हो जाएगा, जहां पर भाजपा सत्ता में शामिल हो जाएगी।
यह छठां राज्य होगा, जहां भाजपा क्षेत्रीय दल के साथ सत्ता में भागीदार बनेगी। अक्टूबर के पहले सप्ताह में खांडू ने नई दिल्ली में पीएम नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह मुलाकात की थी। तब उन्होंने भाजपा को सत्ता में शामिल होने का निमंत्रण दिया था। गौरतलब है कि पिछले महीने खांडू समेत 43 विधायक कांग्रेस छोड़कर पीपुल्स पार्टी ऑफ अरुणाचल प्रदेश (पीपीए) में शामिल हो गए थे। विधानसभा में कांग्रेस के 44 विधायक थे। पीपीए अरुणाचल प्रदेश में भाजपा की सहयोगी पार्टी है। फिलहाल 60 सदस्यीय सदन में पीपीए के 43, भाजपा के 11 और कांग्रेस का एक विधायक है। दो निर्दलीय हैं जबकि तीन सीटें खाली हैं।

सिर्फ एक विधायक बचा -
कांग्रेस में पूर्व सीएम नबाम तुकी पार्टी में अकेले विधायक बचे हैं। प्रदेश में बीते 10 महीने में कांग्रेस को दो झटके लगे। इससे पहले बगावत के चलते नवंबर 2015 में नबाम तुकी के नेतृत्व वाली सरकार गिर गई थी। राष्ट्रपति शासन लगा और फरवरी 2016 में बागी कालिखो पुल की अगुआई में सरकार बनी। इसमें भाजपा के 11 विधायकों ने समर्थन दिया। दो माह पहले सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद कांग्रेस ने तुकी की जगह खांडू को सीएम बनाया। उस समय कालिखो पुल के साथ पीपीए में शामिल हुए विधायक भी कांग्रेस में लौट आए थे।