Breaking News

चुनाव आते ही बीजेपी को याद आया राम मंदिर :- शिवपाल यादव

कानपुर 18 अक्‍टूबर 2016. चुनावों के बाद आम जनता से दूर रहने वाली भारतीय जनता पार्टी चुनाव के आते ही राम मंदिर का राग अलापने लगती है। प्रदेश की जनता अब इनके बहकावे में नहीं आने वाली है। विकास को ही जनता आर्शीवाद देगी और दोबारा सपा की ही सरकार बनेगी। यह कहना है समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व कबीना मंत्री शिवपाल यादव का।

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव आज कानपुर के मेहरबान सिंह का पुरवा पहुंचे जहाँ स्वर्गीय हरमोहन सिंह यादव की 95वीं जयंती का कार्यक्रम रखा गया था वहां पहुंचे शिवपाल का सपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। मीडिया के एक सवाल के जवाब में शिवपाल यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के लोगों को अब चुनाव आते ही राम याद आ गए, तभी सब नेता अयोध्या पहुंच रहे हैं। भाजपा की सरकार बनने से कुछ नहीं होने वाला है। सपा सरकार ने अपने कार्यकाल में जितना विकास किया है उतना पूर्ववर्ती सरकारों ने कभी नहीं किया है। जनता विकास को अपना मतदान करेगी और दोबारा सपा की ही सरकार बनेगी। जब उनसे अखिलेश सरकार के भी अयोध्या में अन्तर्राष्ट्रीय रामलीला संकुल बनाने की बात पूछी गई तो वह उसे टालते हुए बोले की हमने अपनी सरकार के वादे पूरे किये हैं। इस कार्यक्रम में सपा कार्यकर्ताओं के सामने पुलिस बेबस नजर आई। सपा कार्यकर्त्ता मंच पर सेल्फी और माला पहनाने की होड़ में धक्का-मुक्की करते नज़र आये। अखिलेश के सीएम प्रत्याशी पर शिवपाल ने नो कमेंट कहते हुए कहा यह फैसला नेता जी करेगें। 

इससे पूर्व कार्यक्रम में कबीना मंत्री का पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। मंत्री ने स्व हरमोहन सिंह यादव की प्रतिमा पर माल्यापर्ण कर छात्राओं को साइकिल बांटी। यहां पर जिलाध्यक्ष महेन्द्र सिंह यादव, विधायक मुनीन्द्र शुक्ला, इरफान सोलंकी, नीलम रोमिला सिंह, चन्द्रेश सिंह, डॉ अभिमन्यु गुप्ता आदि मौजूद रहे।