Breaking News

कानपुर - मुआवजे को लेकर हंगामा कर रहे परिजनों के ऊपर फैक्ट्री मालिक ने कराया पथराव

कानपुर 9 अक्टूबर 2016 (मोहित गुप्ता). दादा नगर इलाके में एक फैक्ट्री में मुआवजे के लिए हंगामा कर रहे परिजनों के ऊपर फैक्ट्री मालिक ने पथराव करा दिया, जिसमें कई लोग घायल हो गये। सूचना पर पहुँची पुलिस ने हंगामे को शांत कराया और घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
जानकारी के अनुसार गोविन्द नगर थाना क्षेत्र के दादा नगर की राहत फैक्ट्री जिसमें ब्रेड बनाने का काम होता है। हजारों की तादात में मजदूर इसमें काम करते हैं। दादा नगर के विवेकानंद नगर निवासी शिव कुमार मजदूरी करता है।बीती 10 तारीख को दादा नगर मोहनी चाय लेबर मंडी से राहत ब्रेड फैक्ट्रीे के मालिक मनोज सांगा ने शिव कुमार को मजदूरी के लिए अपनी ब्रेड फैक्ट्री में काम करने के लिए बुलाया। माँ मुन्नी के मुताबिक 21 तारीख दोपहर को शिव तीन मंजिल ऊपर मौरंग की बोरी ले जा रहा था।ऊपर पहुँचते ही मालिक मनोज सांगा व मैनेजर ने कहा की एक ही बोरी लेकर आए हो इस बात को लेकर मनोज सांगा और शिव में नोक झोंक हो गई। इसके बाद शिव कुमार को मैनेजर मनोज सांगा ने पीट दिया और धक्का देकर तीन मंजिला इमारत से नीचे फेंक दिया। 
 
गिरने के बाद आनन फानन में शिव को मनोज ने हैलट में भर्ती कराया और मौके से शिव को छोड़ कर फरार हो गया। परिजन कई बार फैक्ट्री में उससे मुआवजे की मांग को लेकर मिले। लेकिन मनोज ने एक ना सुनी इस बात से नाराज परिजनों ने रविवार की सुबह फैक्टरी के बाहर जमकर नारेबाजी की। आरोप है की फैक्ट्री मालिक के आदेश पर कर्मचारियों ने हंगामा कर रहे परिजनों पर पथराव कर दिया। जिससे सुनील वर्मा, दीपू जयसवाल, जया सिंह आदि घायल हो गए। सूचना पर पहुँची पुलिस ने हंगामे को शांत कराया और घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया।एसओ गोविन्द नगर शाहिद सिद्दीकी ने बताया की दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया है। बात हो रही है यदि तहरीर मिली तो कार्यवाही होगी।