Breaking News

महिलाओं पर बढ़ते अत्याचार के विरोध में छात्राओं ने निकाली रैली

कानपुर 17 अक्टूबर 2016 (मोहित गुप्ता). देश में महिलाओं पर बढ़ते अत्याचार के विरोध में शहर के विभिन्न महिला कालेजों द्वारा आज जागरूकता रैली निकली गई. समाज में जागरूकता पैदा करने के उद्देश्य से निकाली गयी इन रैलियों में भारी संख्‍या में छात्राओं ने हिस्‍सा लिया.

जानकारी के अनुसार किदवई नगर स्थित के.के गर्ल्स इंटर कॉलेज में 6वीं से लेकर 12वीं कक्षा तक की छात्राओं ने विद्यालय से लेकर किदवई नगर चौराहे तक महिलाओं पर बढ़ते अत्याचार के विरोध में समाज में जागरूकता पैदा करने के उद्देश्य से रैली निकाली। इस दौरान बैनर के माध्यम से छात्राओं ने महिलाओं पर अत्याचार करने वाले अपराधियों को फ़ास्ट ट्रक कोर्ट के माध्यम से 365 दिनों के अंदर सजा का प्रावधान किये जाने की मांग की। प्रधानाचार्या पूनम सिंह ने बताया की इस रैली के माध्यम से हमारी मांग है कि महिलाओं पर हो रहे अत्याचार पर फैसले जल्द से जल्द हों। रैली में लगभग 800 छात्राओं ने हिस्सा लिया।

इसी क्रम में किदवई नगर के ब्लाक स्थित बृहस्पति महिला विद्यालय द्वारा यौन उत्पीड़न एवं महिला हिंसा के प्रति जागरूकता रैली निकली गई। रैली में 500 छात्राओं ने हिस्सा लिया। प्रबंधक डॉ रत्नाकर शुक्ला ने बताया की तीन साल पहले दिल्ली में हुए निर्भया कांड ने पूरी दुनिया को झंझोर दिया है। एैसे घिनौने अपराधों पर सरकार अंकुश लगाने में नाकामयाब साबित हो रही है। महिलाओं को भी पुरूषों की बराबरी का दर्जा दिया जाए ताकि वह भी आजादी से जी सकें। इसके अतिरिक्‍त गोविन्द नगर स्थित खालसा गर्ल्स इंटर कालेज की प्रधानाचार्या डॉ हरमीत कौर भल्ला के नेतृत्‍व में कालेज की छात्राओं ने गोविन्द नगर से चावला मार्केट चौराहे तक रैली निकाली। रैली में तकरीबन 600 छात्राओं ने हिस्सा लिया।