Breaking News

Brahma Kumaris ने किया विश्व शान्ति पर आध्यात्मिक कार्यक्रम का आयोजन

कानपुर 22 अक्‍टूबर 2016 (हरिओम गुप्‍ता). प्रजापति ब्रम्हकुमारी ईश्वरी विश्व विद्यालय के तत्वाधान में आज मन शान्ति के द्वारा विश्व शान्ति नाम आध्यात्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस विशाल कार्यक्रम में लगभग दो हजार लोगों ने शिरकत की। मुख्‍य वक्‍ता संस्‍था की अन्तर्राष्ट्रीय मुख्य प्रशासिका राजयोगिनी दादी रतनमोहिनी जी रहीं।

इसके अतिरिक्त मंच पर अहमदाबाद से पधारी प्रख्यात वक्ता बी.के शारदा, नागपुर से भजन गायक बी.के अविनाश, कानपुर से संचालिका बी.के विद्या और ऑर्डिनेंस इक्विपमेंट फैक्ट्री के महाप्रबंधक डी.के श्रीवास्तव उपस्थित रहे। रतनमोहिनी दादी ने कहा कि अगर मानव जीवन लेने के बावजूद इस जीवन में मन की सच्ची शान्ति की अनुभूति नहीं की तो जीवन व्यर्थ है। जिन्होंने परमात्मा को जाना है उन्हें सर्व प्राप्तियों का भंडार मिल गया। स्वयं को पहचान कर परमात्मा पिता को याद करेंगे तो हमारे जन्म जन्मातंर के पाप समाप्त हो जायेगे। आज के इस विश्व में व्याप्त दुख व अशांति का मूल कारण ही इसका अज्ञान होना है। 

शारदा बहन ने कहा कि शान्ती भौतिक वस्तुओं से प्राप्त नहीं हो सकती, क्योंकि इन वस्तुओं से शान्ती प्राप्त होती तो धनवान लोगों का जीवन सबसे सुखी होता। शान्ती चाहिए तो स्वयं ही अपने लिए थोडा सा समय निकालकर पुरूषार्थ करना पडेगा। यह चिन्तन करना होगा कि तनाव किस प्रकार कम होगा। जीवन में शान्ती बहुत बडी ताकत है। इसलिए यह दृढ संकल्प करें कि चाहे कुछ हो जाए मुझे अशांत या डिस्टर्ब नहीं होना है। राजयोग मेडिटेशन सीखने के लिए सात दिन का समय निकाले और इसे सीख लेने के बाद घर में भी राजयोग का अभ्यास करें। 

अनुज भाई ने कहा कि कानपुर नगर वासियों को आज का दिन अपने जीवन का स्वर्णिम दिन प्रमाणित होगा। रक्षा मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी डी.के श्रीवास्तव ने कहा कि मानव जीवन को एवं इस विश्व को एक बेहतर विश्व बनाना है इसके लिए पूरी दुनिया में इनका यह कार्य जारी है और वह स्वयं इनके मैनेजमेंट कौशल का लोहा मानते है। विद्या बहन ने कार्यक्रम में पधारे सभी अतिथियों का आभार प्रकट किया। कानपुर सर्वोदय नगर की संचालिका बीके अर्चना ने राजयोग का अभ्यास करवा कर सभी को गहन शान्ती की अनुभूति कराई। अविनाश के आध्यात्मिक गीतों ने कार्यक्रम में समां बांध दिया।