Breaking News

शाहजहांपुर - किसान यूनियन ने चिकित्साधिकारी का पुतला फूंका

शाहजहांपुर 11 सितम्‍बर 2016 (मदन लाल वर्मा). भारतीय किसान यूनियन ने विकास खण्ड निगोही के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर फैले भ्रष्टाचार के खिलाफ मुखर होते हुए आज विभिन्न मांगों का मांग पत्र मुख्य चिकित्सा अधिकारी को भेजा। साथ ही कार्यकर्ताओं ने स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी का पुतला भी फूंका।

जानकारी के अनुसार किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष देवेंद्र पाल सिंह के नेतृत्व में सैकड़ों किसान यूनियन के कार्यकर्ता स्वास्थ्य केंद्र परिसर में एकत्र हुए और नारेबाजी करते हुए मुख्य चिकित्साधिकारी के नाम सम्बोधित मांग पत्र स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी को सौंपा। किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष ने बताया कि इससे पहले कई बार मांग पत्र दिया गया लेकिन अभी तक उनकी मांगों को पूरा नहीं किया है। उन्होंने बताया कि उनकी मांग है कि स्वास्थ्य केंद्र पर इमरजेंसी डाक्टर की तैनाती की जाए तथा दवाई स्वाथ्य केंद्र पर उपलब्ध कराई जाए। रात में स्वास्थ्य केंद्र पर महिला डाक्टरों की तैनाती निश्चित की जाए। 

उन्होंने मांग पत्र में लिखा है कि स्वास्‍थ्य केंद्र पर दलालों का बोलबाला है। गरीबों से बिना सुविधा शुल्क लिए उनका उपचार नहीं किया जाता है। स्वास्थ्य केंद्र पर फैले भ्रष्टाचार पर रोक लगाई जाए। और अंत में कार्यकर्ताओं ने स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए चिकित्साधिकारी का पुतला भी जलाया। इस मौके पर लक्ष्मण प्रसाद, विश्राम वर्मा, चिराग पांडे, श्याम लाल, फूल चन्द्र, सत्यपाल, प्रभा देवी आदि सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।