Breaking News

ग्राम पंचायतों को धन आवंटित नहीं होने से ठप्प पडे हैं विकास कार्य

अल्हागंज 3 सितम्‍बर 2016. ब्लाक की ग्राम पंचायतों को शासन से आया धन अवंटित न होने से विकास कार्य ठप्प हो गए हैं। नरेगा के तहत मजदूरों को मजदूरी न मिलने से उन्हें आर्थिक तंगी का सामना करना पड रहा है। आरोप है कि अधिकारी वर्ग प्रधानों का आर्थिक शोषण कर रहा है। प्रधान अधिकारियों की भेंट पूजा ले कर उनकी परिक्रमा करने को मजबूर हैं।

क्षेत्र के प्रधानों से प्राप्त जानकारी के अनुसार चुनाव जीतने के बाद से प्रधानों को आठ महीने का समय व्यतीत होने जा रहा है, पर अभी तक ग्राम पंचायतों के खातों में विकास कार्यो के वास्ते शासन से आया धन नहीं भेजा गया है। जिला मुख्य विकास अधिकारी ने सभी मदों का धन दबा कर रखा है। तमाम ग्राम पंचायत ऐसी भी  हैं जिनका अभी तक बैंकों में खाता तक नहीं खोला गया है। जनप्रतिनिधि बने प्रधानों की स्थिति फुटबालों की तरह है, कोई भी अधिकारी उनकी समस्याओं को नहीं सुन रहा है आैर जनता भी प्रधानों पर ही दबाव बना रही है।
 
ग्राम प्रधान बताते है कि पहले शासन से आए धन को प्रधान बोर्ड  की अनुमति से विकास कार्यो में खर्च करता था। लेकिन अब विकास कार्य कराने के लिए पहले कार्य योजनाओं से लेकर फीडिंग, स्टीमेट, एमबी तथा स्वीकृति की औपचारिकताएँ पूरी करनी होती है जिसमें सभी को पहले सुविधा शुल्‍क देना पडता है। तब कहीं जाकर पचास हजार रुपये तक के  विकास कार्य  कराने की अनुमति मिलती है। प्रधान वर्ग ये सवाल करता  है कि अधिकारियों को दिए गऐ धन को वे लोग आखिरकार किस मद में दर्शायें।
 
प्रधान अधिकारियों की भेंट पूजा करके परिक्रमा करने को मजबूर है। सूत्र बताते है कि अधिकारियों की तरफ से हो रहे आर्थिक शोषण तथा समस्याओं को लेकर इसी सप्ताह प्रधानों की वृहद मीटिंग बुलाई गई है, जिसमें अधिकारियों को ज्ञापन देने से लेकर आन्दोलन करने तक की नीति बनाई जाऐगी।