Breaking News

छत्तीसगढ़ - स्वतंत्रता दिवस पर मुख्यमंत्री ने किया ध्वजारोहण, आकाशवाणी-दूरदर्शन से जनता को किया सम्बोधित

छत्तीसगढ़ 15 अगस्त 2016 (छत्तीसगढ़ ब्यूरो). स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सोमवार 15 अगस्त को मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने सवेरे आकाशवाणी और दूरदर्शन से छत्तीसगढ़ की जनता को सम्बोधित करते हुए प्रदेशवासियों सहित देश को हार्दिक बधाईयां दी। मुख्यमंत्री का स्वतंत्रता दिवस संदेश आकाशवाणी के रायपुर केन्द्र से सवेरे हिन्दी और अंग्रेजी के राष्ट्रीय समाचार प्रसारण के बाद 8.40 बजे प्रकाशित किया गया।

दूरदर्शन के रायपुर केन्द्र से मुख्यमंत्री का स्वतंत्रता दिवस संदेश सवेरे 9.00 बजे प्रसारित किया गया। रायपुर, अम्बिकापुर, जगदलपुर, बिलासपुर और रायगढ़ स्थित आकाशवाणी के सभी पांच केन्द्रों एवं राज्य के 24 स्थानों पर स्थित दूरदर्शन के प्रसारण एवं रिले केन्द्र से मुख्यमंत्री का संदेश एक साथ प्रसारित किया गया।

उल्लेखनीय है कि राजधानी रायपुर तथा संभागीय मुख्यालय जगदलपुर (बस्तर) और अम्बिकापुर (सरगुजा) तथा बिलासपुर सहित 24 स्थानों पर दूरदर्शन के ट्रांसमीटर स्थित हैं। इनकेे जरिए मुख्यमंत्री के स्वतंत्रता दिवस संदेश का प्रसारण राज्य में व्यापक रूप से देखा गया। दूरदर्शन के कम शक्ति वाले (एल.पी.टी.) रिले केन्द्र बैलाडीला, बीजापुर, कोण्डा, कांकेर, नारायणपुर, पंखाजूर, कोयलीबेड़ा, कोण्डागांव (सभी बस्तर संभाग) सहित राजहरा, चाम्पा, खरौद, कोरबा, रायगढ़, सारंगढ़, डोंगरगढ़, पंडरिया, सक्ती, देवभोग, जशपुर, पत्थलगांव में भी स्थापित किए गए हैं। इन सभी केन्द्रों से भी मुख्यमंत्री का स्वतंत्रता दिवस संदेश सवेरे 9.00 बजे प्रसारित किया गया।
इसके बाद अपरान्ह 3.00 बजे दूरदर्शन के इन सभी केन्द्रों से राजधानी रायपुर के पुलिस परेड मैदान में मुख्यमंत्री के मुख्य आतिथ्य में आयोजित राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह की रिकार्डिग भी प्रसारित की गयी। इसके पूर्व रविवार 14 अगस्त को मुख्यमंत्री की मासिक रेडियो वार्ता 'रमन के गोठ' के इस महीने के एपीसोड का प्रसारण भी दूरदर्शन के इन समस्त केन्द्रों से अपरान्ह 3.30 बजे किया जाएगा।
     
स्वतंत्रता पर विशेष -
मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह ने राजधानी रायपुर में और विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल ने बलौदाबाजार में ध्वजारोहण किया एवं रायपुर के उत्तर विधानसभा द्वारा 3000 महिलाओं का सम्मान भी किया गया और साथ ही भारतीय जनता युवा मोर्चा के मशाल जुलूस में भी जल संसाधन मंत्री बृजमोहन अग्रवाल शामिल हुए। मंत्री बृजमोहन ने कहा कि मातृशक्ति संवेदनशीलता एवं राष्ट्रवाद विचार की भावना से कार्य करने का संकल्प लेना आवश्यक है।